जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून आज भी सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें जालोर, पाली और सिरोही में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार, 3 अगस्त से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं और अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर धीमा होने के आसार हैं।
विभाग के अनुसार, रविवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, कोटा, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है। जालोर, पाली और सिरोही में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बीते चौबीस घंटे के दौरान बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ में सबसे अधिक 60 मिमी और सलूंबर में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अजमेर, बारां, पाली, नागौर, जालोर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद और माउंट आबू सहित कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अलवर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, डूंगरपुर, भरतपुर, बूंदी और भीलवाड़ा में भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई।













