Hometrendingबीकानेर की सियासत में अशोक गहलोत की एंट्री, नोटिस के मामले में...

बीकानेर की सियासत में अशोक गहलोत की एंट्री, नोटिस के मामले में कहा “पहले झुंझुनूं, नीमराना और अब बीकानेर में एक ही स्क्रिप्ट

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई को बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा भेजे गए अंतिम नोटिस पर राजस्थान की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मुद्दे पर भजनलाल सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला है।

गहलोत ने सोशल मीडिया
पर बयान जारी कर कहा...

“पहले झुंझुनूं में होटल में घुसकर तलाशी, फिर नीमराना में पार्षद के परिजन को उठाना, कापरेन में पीहर जा रही महिला पार्षद को रोकना, और अब बीकानेर में सरकारी नोटिस का हथियार, हर जगह एक ही स्क्रिप्ट चल रही है। नगर निगम बोर्ड बनाने के लिए भाजपा किस हद तक गिर सकती है, इसका एक ताजा नमूना बीकानेर से सामने आया है।”

गहलोत ने बीकानेर के रानी बाजार स्थित होटल शौर्य 3.0 को लेकर पार्षद मनोज बिश्नोई को 2 दिन का अल्टीमेटम देने को प्रशासन के नाम पर चलाया जा रहा भाजपा का डर बताया। उन्होंने कहा – “यह प्रशासन नहीं, प्रशासन के नाम पर चलाया जा रहा भाजपा का डर और दबाव तंत्र है। पार्षद मनोज बिश्नोई ने साफ कह दिया है, ‘हम डरने वाले नहीं हैं’, यही जवाब काफी है इस गुंडागर्दी का।”

भजनलाल सरकार और
अधिकारियों को चेतावनी

गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सीधे चेतावनी देते हुए कहा- “भजनलाल जी, बोर्ड जीतने के लिए कानून का इस्तेमाल हथियार की तरह मत कीजिए।” साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी नसीहत दी- “प्रशासनिक अधिकारियों को भी ध्यान रखना चाहिए कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन अपने दायरे से बाहर जाकर काम करने पर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।”

गौरतलब है कि BDA ने कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई के होटल को अवैध निर्माण बताते हुए 2 दिन में दस्तावेज पेश नहीं करने पर सीज करने का अंतिम नोटिस जारी किया था, जिसके बाद कांग्रेस इसे मेयर चुनाव से पहले पार्षदों को तोड़ने की साजिश बता रही है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular