लखनऊ Abhayindia.com भाजपा ने नगर निगम जयपुर और जोधपुर के मेयर पद के लिए अपने प्रत्याशी फाइनल कर दिए है। जयपुर नगर निगम के मेयर पद पर पार्टी ने पार्षद सुनील कोठारी प्रत्याशी बनाया है। वहीं, जोधपुर में भाजपा ने मेयर पद के लिए प्रसन्नचंद मेहता के नाम का ऐलान कर दिया है।
आपको बता दें कि जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने शुरुआत में 44-44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में वार्ड 50 में हुए पुनर्मतदान में भाजपा प्रत्याशी की जीत के साथ पार्टी के पार्षदों की संख्या बढ़कर 45 हो गई। इसके बाद सात निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को समर्थन दिया। पार्टी का दावा है कि इन सात पार्षदों के साथ आने से उसके खेमे में कुल 52 पार्षदों का समर्थन है, जबकि महापौर चुनाव में बहुमत के लिए 51 पार्षदों का आंकड़ा जरूरी है।
भाजपा को समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षदों में वार्ड 5 के विशाल सांखला, वार्ड 19 के दिनेश शर्मा, वार्ड 20 के चेतन गहलोत, वार्ड 47 के मोहन राम चौधरी, वार्ड 48 की दुर्गा मेवाड़ा, वार्ड 76 की निर्मला नायक और वार्ड 81 के स्वरूप सिंह शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक आज 19 सितंबर तक महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और वहीं 22 सितंबर नाम वापस लेने की आखिरी तारीख रहेगी। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 सितंबर को महापौर पद के लिए मतदान कराया जाएगा। वहीं, उप महापौर का चुनाव अगले दिन यानी 26 सितंबर को होगा।
जयपुर नगर निगम के महापौर की दौड़ में भारतीय जनता पार्टी के वार्ड नंबर 112 से नवनिर्वाचित पार्षद सुनील कोठारी मेयर कैंडिडेट बन गए हैं। लंबी चली मंत्रणा के बाद आखिरकार BJP पार्टी ने कोठारी के नाम पर एकराय बनाते हुए अंतिम मुहर लगा दी। इसके बाद ‘बाड़े’ से निकलकर कोठारी पहले भाजपा मुख्यालय पहुंचे, और फिर नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
करीब तीन दशकों से पार्टी से जुड़े रहने वाले वैश्य (जैन) समाज के प्रतिनिधि और जाने-माने ज्वेलर सुनील कोठारी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बेहद करीबी माना जाता है, जिससे जयपुर की मेयर सीट पर उनकी दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है।
आपको बता दें कि सुनील कोठारी जयपुर के जाने-माने और प्रतिष्ठित कारोबारी हैं। वे ‘कोठारी जेम्स एंड ज्वेलरी’ ग्रुप के मालिक हैं और उनका जेम्स एंड ज्वेलरी का व्यापार देश के साथ-साथ विदेशों में भी फैला हुआ है। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास कुल 35.87 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है, जिससे वे इस बार जयपुर नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करने वाले सबसे अमीर पार्षद भी हैं। जयपुर और मुंबई जैसे महानगरों में उनकी व्यावसायिक संपत्तियां स्थित हैं।
एक तरफ जहां भाजपा अपने 78 पार्षदों के स्पष्ट बहुमत के साथ निश्चिंत नजर आ रही है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस भी चुनाव मैदान को खाली नहीं छोड़ना चाहता। कांग्रेस खेमे की ओर से भरत मेघवाल और सुनीता मावर के नाम से नामांकन फॉर्म लिए गए हैं। हालांकि, पर्याप्त पार्षदों का आंकड़ा न होने के बावजूद कांग्रेस रणनीति के तहत अपना प्रत्याशी उतार रही है। यदि मुकाबला एक से अधिक उम्मीदवारों के बीच बना रहता है, तो 25 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।














