बीकानेर Abhayindia.com महापौर चुनाव से ठीक दो दिन पहले बीकानेर की सियासत में बड़ा धमाका हुआ है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर निर्दलीय पार्षदों के साथ तस्वीर जारी कर चुनाव जीतने का बड़ा दावा ठोक दिया है। शेखावत ने पोस्ट में दावा किया है कि 10 में से 9 निर्दलीय पार्षदों ने उनके नेतृत्व में विश्वास जताया है और भाजपा के पक्ष में मतदान करने का फैसला किया है।
शेखावत का बड़ा दावा- "सबने अंतरात्मा की आवाज सुन ली"
तस्वीर जारी करते हुए सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- “21 सितंबर को हम स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा साबित कर देंगे। सभी पार्षदों ने अंतरात्मा की आवाज सुन ली है। मैंने पर्चा दाखिल करते ही सभी से आह्वान किया था कि अंतरात्मा की आवाज सुनें।”
सियासी समीकरण बदले, कांग्रेस खेमे में खलबली
इस तस्वीर के सामने आने के बाद मेयर चुनाव के सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के पास 42 का आंकड़ा है और भाजपा के पास 27 पार्षद हैं। अगर 9 निर्दलीयों का दावा सच है तो भाजपा का आंकड़ा 36 तक पहुंच जाता है, जो कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी है।
शेखावत के इस दावे के बाद कांग्रेस खेमे में खलबली मच गई है। कांग्रेस ने जैसलमेर में अपनी बाड़ेबंदी की किलेबंदी और मजबूत कर दी है और पार्षदों पर नजर रखने के लिए सख्त पहरा बैठा दिया है। अब सबकी नजर 21 सितंबर को होने वाले मतदान पर टिकी है। देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की “ऑपरेशन अंतरात्मा” वाली रणनीति कामयाब होती है या कांग्रेस अपने किले को बचाने में सफल रहती है।



















