








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में लू (हीट वेव) का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे में इससे कोई राहत की संभावना है। हालांकि, इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी व बारिश का दौर चल सकता है। इससे तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।
बहरहाल, विभाग ने अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, कोटा और बीकानेर में उष्ण लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, श्रीगंगानगर, फलौदी, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, बाड़मेर और बालोतरा में उष्ण लहर के साथ उष्ण रात्रि का भी येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू और डीडवाना-कुचामन में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट देते हुए जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभागों के क्षेत्रों और आसपास में बारिश की चेतावनी जारी की है।


