







बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के उप-महापौर चुनाव से बड़ी खबर आ रही है। कांग्रेस में आखिरकार सहमति बन गई है और बागियों ने नाम वापस ले लिया है। अब चुनावी मैदान बिल्कुल साफ हो गया है।
5 बागियों ने वापस लिए नाम, यशपाल गहलोत ने कराई सुलह
सूत्रों के मुताबिक पूर्व शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस में मान-मनौव्वल का दौर चला। इसके बाद बागी होकर नामांकन दाखिल करने वाले 5 पार्षदों मनोज बिश्नोई, अब्दुल वाहिद, छैल सिंह, जावेद खान, सपना मारू ने कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी नसीम बानो के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया है।
अब सीधा मुकाबला - नसीम बानो Vs पंकज गहलोत
नाम वापसी के बाद अब उप-महापौर पद पर सीधा मुकाबला होगा
कांग्रेस : नसीम बानो (वार्ड 66) – वरिष्ठ नेता गुलाम मुस्तफा की पुत्रवधू, कांग्रेस ने महिला और अल्पसंख्यक कार्ड खेला है।
भाजपा : पंकज गहलोत (वार्ड 51) – युवा चेहरा, माली समाज से आते हैं।
50 का गणित फिर हावी?
मेयर चुनाव में कांग्रेस ने 50 वोट हासिल कर 42 से 50 का जादू दिखाया था। अगर कांग्रेस की एकजुटता बनी रही तो उप-महापौर चुनाव में भी नसीम बानो की जीत तय मानी जा रही है। लेकिन भाजपा अभी भी ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर वोट मांग रही है। अब से थोड़ी देर में दोपहर 2:30 बजे से मतदान शुरू होगा और शाम 5 बजे तक परिणाम घोषित हो जाएगा।







