







बीकानेर Abhayindia.com मेयर की कुर्सी पर कांग्रेस के अनिल कल्ला के काबिज होते ही अब बीकानेर में उप-महापौर पद के लिए सियासी बिसात बिछ गई है। आज मंगलवार को उप-महापौर के लिए चुनाव होना है।
भाजपा ने चल दिया पहला दांव
भाजपा ने मेयर चुनाव में मिली हार के बाद उप-महापौर के लिए तुरुप का पत्ता चल दिया है। वार्ड 51 के पार्षद पंकज गहलोत को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पंकज गहलोत युवा चेहरा हैं और माली समाज से आते हैं, भाजपा इस जातीय समीकरण के सहारे कांग्रेस के वोटों में सेंध लगाने की तैयारी में है।
कांग्रेस में 4 दावेदार, एक पद पर सहमति नहीं बनी
दूसरी तरफ 50 वोटों के साथ बहुमत में होने के बावजूद कांग्रेस में अभी तक एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा है कि “मंत्रणा चल रही है, जल्द ही नाम फाइनल होगा।” सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस में उप-महापौर के लिए 4 बड़े नाम दावेदार हैं।
आज का शेड्यूल... क्या है पूरी प्रक्रिया?
प्रशासन ने उपाध्यक्षीय पदों के चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है-
– सुबह 10:00 बजे – बैठक शुरू
– सुबह 11:00 बजे तक – नामांकन पत्र दाखिल
– सुबह 11:30 बजे – नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा)
– दोपहर 2:00 बजे तक – नाम वापसी
– दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक – मतदान (जरूरत पड़ी तो)
– शाम 5:00 बजे बाद – तुरंत मतगणना और रिजल्ट
नगर निगम का चुनाव नगर निगम सभागार में होगा, जबकि देशनोक, नोखा, खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और नापासर के उपाध्यक्षों का चुनाव संबंधित पालिका में होगा।







