






जयपुर Abhayindia.com जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कॉन्ट्रेक्टर्स द्वारा प्रस्तावित हड़ताल को राज्य सरकार के साथ हुई सकारात्मक, रचनात्मक एवं परिणामदायी वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के साथ विस्तृत चर्चा के पश्चात लिया गया। कॉन्ट्रेक्टर्स ने आपसी सहमति से अपने आंदोलन को 5 मई तक स्थगित रखने का निर्णय किया है।
वार्ता के दौरान राज्य सरकार ने कॉन्ट्रेक्टर्स की प्रमुख मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। मई माह तक 2500 करोड़ रुपये तथा जून माह के अंत तक अतिरिक्त 2500 करोड़ रुपये का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर सहमति बनी
- मई माह 2024 तक पूर्ण किए गए कार्यों के लिए नियमानुसार एलडी (लिक्विडेटेड डैमेज) में राहत प्रदान की जाएगी।
- जिन निविदाओं (टेंडर्स) में प्राइस वेरिएशन क्लॉज लागू है, उनमें नियमानुसार प्राइस वेरिएशन का लाभ दिया जाएगा।
- 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर फाइनल कर उनका शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित किया जाएगा।
- जीएसटी अंतर राशि के भुगतान हेतु वित्त विभाग से अनुमोदन के लिए 10 दिनों के भीतर प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
सरकार एवं कॉन्ट्रेक्टर्स के बीच बनी इस सहमति से प्रदेश में जलापूर्ति एवं संबंधित विकास कार्यों को गति मिलने की प्रबल संभावना है। यह निर्णय आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


