






बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नसीम बानो की हार के बाद बीकानेर में मुस्लिम समाज का गुस्सा फूट पड़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता शबनम बानो ने एक भावुक और तल्ख पत्र लिखकर दोनों पार्टियों को चेतावनी दी है।
शबनम बानो ने पत्र में क्या लिखा-
शबनम बानो ने अपने हाथ से लिखे पत्र में कहा- “मेरे समाज के साथ सच्चा प्रेम कुछ दिनों से ही नहीं है, आजादी के बाद से ही सभी राजनीतिक दलों ने ठगा है। जिसका ज्वलंत उदाहरण बीकानेर नगर निगम के उप-महापौर का चुनाव है। हम इतने कमजोर हो गए हैं कि हमें हमारा वजूद बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। हम कमजोर नहीं हैं। इस शहर में हमें कल्ला कोटरी द्वारा उम्मीद तरीके से पीछे धकेला गया है।” उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हमें पूर्व और पश्चिम विधानसभा में एक समाज के लिए एक ताकत बनकर उभरना होगा। उन्होंने कहा कि “अगर हम आज नहीं चेते तो नसीम बानो की तरह फिर से बलि का बकरा बनाया जाएगा।
शबनम बानो ने कहा कि वह 24 घंटे कौम के हक-हकूक के लिए खड़ी रहेंगी। बानो ने कहा कि “आपको याद दिला दूं हजारों मुस्लिम वर्ग है दोनों विधानसभा में और 30-35 हजार SC वोटर हैं जो हमारे साथ हैं। जो संगठित होंगे तो हमारे हक के लिए आवाज बुलंद करेंगे।”
आपको बता दें कि उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस को 42 का आंकड़ा होने के बाद भी 38 वोट ही मिले और भाजपा के पंकज गहलोत 40 वोट लेकर जीत गए, उसके बाद से ही अल्पसंख्यक समाज में नाराजगी का माहौल है।







