Hometrendingआरपीएससी की कार्यप्रणाली समझने 27 को अजमेर आएंगे यूपीपीएससी के सदस्य, अधिकांश मामले...

आरपीएससी की कार्यप्रणाली समझने 27 को अजमेर आएंगे यूपीपीएससी के सदस्य, अधिकांश मामले निपटाने के निर्देश

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) में इन दिनों  प्रक्रियाओं के संवर्धन का व्यापक कार्य चल रहा है। आयोग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ के निर्देशन में किए जा रहे इन नवाचारों की चर्चा अब दूसरे राज्यों में भी हो रही है। आरपीएससी की कार्यप्रणाली और इन सुधारों को करीब से समझने के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा 27 अगस्त को अजमेर आ रहे हैं।

आयोग कार्यालय में इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों महाराष्ट्र में आयोजित विभिन्न लोक सेवा आयोगों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में भी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ ने राजस्थान के नवाचारों का शानदार प्रस्तुतीकरण दिया था। इस बैठक में कई राज्यों के प्रतिनिधियों ने राजस्थान द्वारा अपनाई गई व्यवस्थाओं में गहरी रुचि दिखाई थी। यूपीपीएससी के अलावा कुछ अन्य राज्यों के लोक सेवा आयोगों के प्रतिनिधि भी जल्द ही राजस्थान आने की तैयारी में हैं।

आयोग ने अपनी आंतरिक कार्यप्रणाली को पूरी तरह से मिशन मोड पर ला दिया है। युवाओं को राहत देते हुए 15 सितंबर तक सभी प्रमुख लंबित परीक्षा परिणामों को जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, भर्तियों में आने वाली कानूनी अड़चनों को दूर करने के लिए हाल ही में आयोग ने अपनी लीगल टीम के साथ पेंडिंग केसेस की एक अहम समीक्षा बैठक भी की है। इसका उद्देश्य न्यायालयीन मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण कर रुकी हुई भर्तियों का रास्ता साफ करना है।

पदोन्नति का इंतजार कर रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी आयोग ने खास रणनीति बनाई है। आयोग अध्यक्ष के निर्देश पर आगामी 31 अगस्त का पूरा दिन विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठकों के लिए समर्पित किया गया है, साथ ही यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस दिन अधिकांश डीपीसी प्रकरणों को हर हाल में निपटा लिया जाए, ताकि राज्य के विभिन्न विभागों में समय पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी हो सके और विभागीय कार्य सुचारू रूप से चल सकें।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular