





बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में मंगलवार को दिनभर चले हाईवोल्टेज ड्रामे और पार्षदों के विरोध के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए निगम ने अब सख्त निगरानी व्यवस्था शुरू कर दी है।
अब रोजाना होगी आपके वार्ड की पड़ताल
निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी ने इसको लेकर आदेश जारी किए हैं। अब शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था की रोजाना पड़ताल होगी।
– निगम के अधिकारियों को दो-दो वार्डों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
– अधिकारी सुबह और शाम दोनों पारियों में मौके पर जाकर व्यवस्थाएं देखेंगे।
– सुबह 6:30 से 11 बजे और शाम 4 से 6 बजे तक निरीक्षण किया जाएगा।
क्या-क्या जांचेंगे अधिकारी
– कचरा संवेदनशील स्थानों यानी GVP (Garbage Vulnerable Points) पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
– घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था और वाहनों की मौजूदगी भी जांची जाएगी।
– खुले में कचरा डंप करने और कचरा जलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
– नालों-नालियों की सफाई के साथ निकली सिल्ट के निस्तारण पर भी नजर रखी जाएगी।
– सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी अधिकारी जांचेंगे।
सबसे बड़ी बात यह है कि अधिकारियों को सिर्फ निरीक्षण और रिपोर्टिंग नहीं, बल्कि मौके पर ही समाधान करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। निगम आयुक्त ने वार्डवार निरीक्षण अधिकारियों की सूची भी जारी कर दी है। अब देखना यह है कि निगम के इस नए प्लान से शहर को कचरे से कितनी जल्दी निजात मिलती है।










