





जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार (5 अक्टूबर) को प्रदेश के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौर, उपमहापौर, सभापति, उपसभापति, अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ वीसी के माध्यम से संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री निकाय के पहले 100 दिनों की कार्ययोजना के साथ ही नगरीय विकास, स्वच्छता, पानी, बिजली सहित अन्य जनसुविधाओं के विकास पर नवनिर्वाचित प्रमुखों एवं उपप्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित शहरों से ही विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा। राज्य सरकार शहरों को सुंदर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समग्र रोडमैप के साथ 100 दिवसीय कार्ययोजना के माध्यम से शहरी निकायों का कायाकल्प किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहरों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर राज्य सरकार और स्थानीय निकायों के समन्वित प्रयासों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप शहरों में विकास को नई गति देने का कार्य किया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास वीसी के माध्यम से जुड़े। साथ ही, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।







