





जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में पंचायत चुनावों के बीच ही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होने से प्रदेशभर के शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बन गई है। आपको बता दें कि 3 अक्टूबर से और 16 नवंबर तक पंचायत चुनावों के कारण शिक्षा विभाग का परीक्षा कार्यक्रम और शिक्षकों की दीपावली की छुट्टियों पर असर पड़ता नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से15 से 29 अक्टूबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। वहीं, स्कूलों में 4 से 15 नवंबर तक दीपावली का अवकाश निर्धारित है। इस बीच, पंचायत चुनावों का ऐलान हो गया है। ऐसे में चुनाव की इन तिथियों के चलते शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी के साथ अनिवार्य प्रशिक्षण में भी शामिल होना पड़ेगा। इससे स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती है।
इस संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। इसे देखते हुए शिक्षक संगठनों ने शिक्षा विभाग और राज्य निर्वाचन विभाग को पत्र लिखा है। चुनाव व परीक्षा एक साथ होने से शिक्षकों को भारी परेशानी आएगी। शिक्षकों का कहना है कि चुनाव आयोग और शिक्षा विभाग को आपसी सामंजस्य के साथ तिथियों का निर्धारण करना चाहिए था।
यह रहेगा चुनाव कार्यक्रम...
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रदेश में चार चरणों में 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों के चुनाव होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। पंच-सरपंच के वोटों की गिनती मतदान के दिन ही होगी, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव 25 से 28 नवंबर तक कराए जाएंगे।







