






बीकानेर Abhayindia.com उदयरामसर की तीन शताब्दी से अधिक प्राचीन दादाबाड़ी में सकल श्री संघ के सहयोग से श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास की ओर से शनिवार को दादा गुरुदेव जिनदत्त सूरीश्वरजी की संगीतमय पूजा व मेले का किया गया। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि मेले में करीब पांच हजार से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने दादा गुरुदेव जिनदत्त सूरिश्वरजी के पगलियों की देवली के दर्शन किए तथा दादा गुरु देव की संगीतमय बड़ी पूजा, दादा गुरुदेव इकतीसा के सामूहिक पाठ में हिस्सा लिया तथा महाप्रसाद ग्रहण किया।
नाहटा ने बताया कि जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ की साध्वी मुक्ताजंना श्रीजी, साध्वी सुरक्षांजना श्रीजी, सौम्यंजना श्रीजी, चितलेहांजना श्रीजी व चितक्खरांजना श्रीजी के सान्निध्य में हुई संगीतमय पूजा में वरिष्ठ गायक सुनील पारख, अरिहंत नाहटा, विचक्षण महिला मंडल, वीरेन्द्र बांठिया ’’पप्पूजी’, श्रीमती मंजू रामपुरिया, साध्वीवृंद, ने पूजा के दौरान विभिन्न राग व तर्जों में भजनों की प्रस्तुतियां दी।
नाहटा ने बताया कि पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बुलाकी दास कल्ला, महापौर अनिल कल्ला, पार्षद नवरतन डागा ने विचार व्यक्त किए। मेले व पूजा में विधायक जेठानंद व्यास, पार्षद, धर्मवीर नाहटा, सहित अनेक पार्षदों व जन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के पूर्व अध्यक्ष निर्मल धारीवाल, अध्यक्ष हरीश नाहटा, कोषाध्यक्ष फतेह चंद खजांची, प्रन्यास के सदस्यों व जैन समाज के गणमान्य लोगों ने जन प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
नाहटा ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रावक -श्राविकाएं शनिवार सुबह व शुक्रवार रात को ही विभिन्न वाहनों से, पैदल उदयरामसर पहुंच गए। श्रावक-श्राविकाओं के लिए गोगागेट चौराहा के पास स्थित कोचरों के दादाबाड़ी बसों की व्यवस्था की गई। श्री जिनेश्वर युवक परिषद, खरतरगच्छ युवा संघ सहित विभिन्न सामाजिक स्वयं सेवी जैन संगठनों की ओर से निःशुल्क चाय, नाश्ता, शर्बत व आइसक्रीम आदि की व्यवस्था की गई। दादाबाड़ी परिसर में विशेष रोशनी आदि से सजावट की गई। श्रावक-श्राविकाओं ने दादा बाड़ी में दादा जिनदत सूरिश्वरजी के पगलियों के साथ वासुपुज्य स्वामी व गांव के भगवान कुन्थुनाथजी व आशापुरा माताजी के मंदिर में दर्शन किए। श्रावक-श्राविकाओं ने ऊंट व घुड़ सवारी, विभिन्न तरह के झूलों का आनंद लिया।
नाहटा ने बताया कि गुरु युवा जागृति परिषद की ओर से श्रीपाल नाहटा व जितेन्द्र कोचर के संयोजन में शुक्रवार रात को भक्ति संगीत संध्या ’’एक शाम दादा जिनदत सूरि गुरुदेव के नाम’ आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली रितिक गुप्ता, जयपुर के अभिषेक जैन पलिवाल ने रात दो बजे तक दादा गुरुदेव के भजनों की प्रस्तुतियों से श्रावक-श्राविकाओं को बांधें रखा। स्थानीय बालिकाओं ने नवकार महामंत्र के साथ नृत्य वंदना की।







