






जयपुर Abhayindia.com जयपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा की सरोज कंवर विजयी घोषित हुई है। सरोज कंवर जयपुर की पहली महिला डिप्टी मेयर बनीं। उप महापौर के लिए कुल 149 मत पड़े। भाजपा की सरोज कंवर को 91 वोट व कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले। आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को हुए महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को 29 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी। इस प्रकार जयपुर नगर निगम की मेयर और डिप्टी मेयर की सीट अब भाजपा के पास आ गई है। जयपुर नगर निगम में 150 पार्षद हैं। भाजपा के पास 78, कांग्रेस के पास 57 और 15 पार्षद निर्दलीय चुने गए हैं।
डिप्टी मेयर सरोज कंवर भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी है। सरोज कंवर वार्ड नम्बर 90 से जीत कर पार्षद बनीं हैं। सरोज कंवर ने कांग्रेस की ममता को 2208 वोटों से हराया था। वहीं, कांग्रेस से उम्मीदवार सलमान मंसूरी वार्ड नंबर 137 हवा महल विधानसभा क्षेत्र से पार्षद हैं। सलमान दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। इससे पहले उनकी बहन भी पार्षद रह चुकी है। सलमान मंसूरी ने भाजपा के रहीम मंसूरी को 1980 वोटों से हराया था।







