









बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के खाजूवाला थाना क्षेत्र में रुपए दोगुने करने का झांसा देते हुए एक तांत्रिक ने नशीली दवा खिलाकर तीन व्यक्तियों की जान ले ली, जबकि दो गंभीर रूप से बीमार हो गए। आरोपी तांत्रिक ने सात लोगों को हलवे में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दो लोगों को देर रात डिटेन कर लिया।
घटनाक्रम के अनुसार, अजमेर निवासी शैतान सिंह बुधवार को अपने चाचा के लड़के विक्रम सिंह, एक तांत्रिक व तीन अन्य को साथ लेकर खाजूवाला आया। शैतान सिंह के साथ आए व्यक्तियों में से एक ने खुद को तांत्रिक बताते हुए रुपए दोगुने करने का दावा करते हुए स्थानीय व्यक्ति गफार खां व उसके साथियों को जाल में फंसा लिया। इसके बाद शैतान सिंह ने स्थानीय निवासी परिचित गफार से तांत्रिक और दूसरे लोगों को मिलवाया। गफार से 50 हजार लिए और उसे एक लाख लौटाए। इसी तरह एक लाख लेकर दो लाख लौटा दिए। विश्वास जमाने के बाद गफार खां, सलमान खां और राजेन्द्र पूनियां से 50 लाख रुपए मंगवाए। इसके बाद गुरुवार रात को तांत्रिक ने तंत्र विद्या के नाम पर वहां मौजूद गफार, गफार के बेटे सलमान, राजेन्द्र पूनिया, शैतानसिंह, विक्रम सिंह व दो अन्य को हलवे में नशीली गोलियां खिला दीं। शुक्रवार सुबह जब गफार, सलमान, राजेन्द्र, शैतानसिंह व विक्रम सिंह को होश आया, तब तक आरोपी तांत्रिक समेत तीन लोग वहां से जा चुके थे। गफार की हालत गंभीर थी। पीबीएम जाते समय उसकी मौत हो गई। दूसरे साधन से अस्पताल की ओर जाते शैतान सिंह व विक्रम की तबीयत ज्यादा खराब हुई, तो शोभासर के पास उतर गए। जहां वे बहोश हो गए और उनकी भी मौत हो गई।






