Saturday, April 25, 2026
Hometrendingआरयूएचएस में सफलतापूर्वक पहली एंजियोप्लास्टी, प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा भी शुरू

आरयूएचएस में सफलतापूर्वक पहली एंजियोप्लास्टी, प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा भी शुरू

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में आरयूएचएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। प्रदेशवासियों को इसका लाभ भी मिलने लगा है। अस्पताल में शनिवार को पहली बार सफलतापूर्वक एक रोगी की एंजियोप्लास्टी की गई। साथ ही, प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा भी अस्पताल में प्रांरभ कर दी गई है।

चिकित्सा शिक्षा सचिव अम्बरीष कुमार ने बताया कि विगत 2 जून को ही आरयूएचएस अस्पताल में एंजियोग्राफी एवं एंजियोप्लास्टी की सुविधा प्रारंभ की गई थी और दो रोगियों की एंजियोग्राफी की गई थी। शनिवार को आरयूएचएस अस्पताल में पहली एंजियोप्लास्टी की गई। साथ ही, अस्पताल में अब प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा भी प्रारंभ कर दी गई है। दो रोगियों की प्लास्टिक सर्जरी सफलतापूर्वक की भी जा चुकी है।

चिकित्सा शिक्षा सचिव ने कहा कि सवाई मानसिंह अस्पताल से मरीज भार कम करने एवं प्रदेशवासियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस विश्व​स्तरीय चिकित्सा संस्थान उपलब्ध करवाने की सोच के साथ आरयूएचएस अस्पताल में ​लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। एंजियोग्राफी व एंजियोप्लास्टी की सुविधा प्रारंभ होने से अब आरयूएचएस में आने वाले हृदय रोगियों को सवाई मानसिंह अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं। प्रदेशभर से आने वाले रोगियों को अब हृदय रोगों के उपचार के लिए एक बेहतर विकल्प मिल रहा है। साथ ही, सवाई मानसिंह अस्पताल में रोगी भार कम करने की दिशा में भी हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

आरयूएचएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. महेश मंगल ने बताया कि अस्पताल में हृदय रोग से ग्रसित टोंक ​जिले के पीपलू निवासी 67 वर्षीय पुरुष रोगी को 12 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने लक्षणों के आधार पर उसकी एंजियोग्राफी जांच की, जिसमें ब्लॉकेज पाए जाने पर एंजियोप्लास्टी किए जाने का निर्णय लिया गया। परिजनों की सहमति के बाद रोगी की सफलतापूर्वक एंजियोप्लास्टी की गई। अब रोगी के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। रोगी का सम्पूर्ण उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत नि:शुल्क किया गया है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!