








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में जिला प्रमुख चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कौन बनेगा जिला प्रमुख, इसको लेकर बयानों का दौर भी तेज हो गया है। कांग्रेस के अंदर ही दो बड़े नामों को लेकर खींचतान साफ नजर आने लगी है।
1. गोविंदराम मेघवाल का दांव : बेटी सरिता चौहान
पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने एक बयान में कहा कि किसी अनुभवी कार्यकर्ता को जिला प्रमुख बनाना चाहिए। उनका इशारा अपनी बेटी एवं पूर्व प्रधान सरिता चौहान की ओर जा रहा है। सरिता चौहान जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं और जिला प्रमुख पद की दावेदार भी हैं। मेघवाल खेमे का तर्क है- अनुभव ही जिला परिषद को चला सकता है, इसलिए अनुभवी को मौका मिलना चाहिए।
2. बिशनाराम सियाग की भावना : निकिता डूडी ही बनें जिला प्रमुख
वहीं, बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने स्व. रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को जिला प्रमुख बनाने की इच्छा जाहिर कर दी है। जसरासर में चुनाव प्रचार के दौरान जिलाध्यक्ष सियाग ने कहा कि “चाहे मैं हूं, कांग्रेसी पदाधिकारी हो, कार्यकर्ता हो, हम सबकी यही मांग और भावना है कि जिला प्रमुख डूडी साहब की पुत्रवधू निकिता अजय डूडी जिला प्रमुख बने, हमारी सबकी यही भावना है।” सियाग के इस बयान ने सियासी पारा और चढ़ा दिया है।
सियाग ने कहा- “बीकानेर जिला परिषद की 41 में से 41 सीटें कांग्रेस जीत रही है, जिले के 15 के 15 प्रधान कांग्रेस के जीत रहे हैं, कांग्रेस पूर्ण बहुमत से पंचायतीराज चुनावों में विजय हासिल कर रही है, कांग्रेस की संपूर्ण देहात क्षेत्र में लहर है।”
क्या होगा आगे?
अब मुकाबला साफ हो गया है- एक तरफ अनुभव बनाम विरासत की लड़ाई। एक तरफ मेघवाल परिवार की अनुभवी सरिता चौहान, दूसरी तरफ डूडी परिवार की बहू निकिता डूडी। दोनों ही वार्ड से जीतना जरूरी है, उसके बाद ही जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला होगा। बीकानेर की सियासत में अब सबकी नजर जिला प्रमुख की कुर्सी पर टिकी है।






