








चूरू Abhayindia.com बीकानेर संभाग से बड़ी खबर सामने आई है। चूरू जिले में पुलिस ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा में गलती से छूटे करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग को पुलिस ने उसके मालिक को लौटाने में अहम भूमिका निभाई। इसके लिए पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फिर सटीक इनपुट मिलने के बाद खोये हुए बैग को खोज निकाला। इसके बाद बैग को संबंधित पीड़ित दंपती को सुरक्षित सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना चूरू जिले के सेहला गांव की है। कंचन अपने पति हरीश कुमार के साथ अपने पीहर निराधनू से ससुराल सेहला लौट रही थीं। रास्ते में ऑटो रिक्शा से उतरते समय उनका ध्यान भटक गया और आभूषणों से भरा बैग ऑटो के भीतर ही छूट गया। जब दंपती को बैग गायब होने का अहसास हुआ, तब तक ऑटो निकल चुका था। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला। इस पर उन्होंने चूरू की कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृताधिकारी गजेंद्र सिंह के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ऑटो के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालक महबूब खान की पहचान की और उससे संपर्क साधकर बैग को सकुशल बरामद कर लिया। बाद में पुलिस ने पूरे सामान का मिलान करवाकर करीब 20 लाख रुपये के गहनों से भरा बैग पीड़ित हरीश कुमार और कंचन को सौंप दिया। बैग सुरक्षित मिलने पर कंचन, उनके पति हरीश कुमार और परिजनों ने चूरू पुलिस की त्वरित कार्यशैली और मुस्तैदी का दिल से आभार व्यक्त किया।






