बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में नगर निगम के ऑटो टिपर की टक्कर से गंभीर घायल हुए रिटायर्ड बैंककर्मी केशवदत्त आचार्य का निधन हो गया। बीते नौ दिनों तक अस्पताल में उनका इलाज चला। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष में आखिरकार वे नहीं बच पाए। उनके निधन की खबर से परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। परिजन घटना के दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।
निधन के बाद भतीजे शरद दत्त आचार्य ने कहा- “ताऊजी को न्याय दिलाना ध्येय है, दोषी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।” शरद दत्त आचार्य लगातार इस मामले में मुखर रहे हैं। असल में, नई कचरा संग्रहण कंपनी पहले दिन से ही विवादों में है। कई जगह हादसे के बाद पार्षदों ने भी इसका विरोध किया है। ऑटो टिपर की टक्कर से हुई इस मौत के बाद एक बार फिर नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था और कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।






















