बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 में सबसे हॉट माने जाने वाले 75 नंबर वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के रूप में महावीर रांका चुनाव लड़ेंगे। उनके नाम पर आधिकारिक तौर पर मुहर लग गई है। टिकट मिलने के बाद महावीर रांका ने “अभय इंडिया” को बताया कि वे वार्ड में सड़क, नाली, सीवरेज, रोड लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने में कोई कमी बाकी नहीं रखेंगे। रांका ने दावा किया – “मैं इस वार्ड की हर गली, मोहल्ले से वाकिफ हूं। पिछले वर्षों में चाहे लोकसभा, विधानसभा चुनाव हो या नगर निगम चुनाव, मैंने इस वार्ड में हमेशा पार्टी के लिए जनसंपर्क किया है।”
रांका ने टिकट मिलने पर केंद्र व राज्य नेतृत्व के साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व विधायकों सहित अन्य नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मेरे पर जो भरोसा जताया है मैं उस पर पूरी तरह खरा साबित होने की कोशिश करूंगा। रांका ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा सभी वार्डों में जोरदार प्रदर्शन करते हुए निगम में अपना बोर्ड बनाएगी। आपको बता दें कि रांका के टिकट को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासी पारा गर्माया हुआ था। उनके टिकट को लेकर पार्टी के विधायक भी खुले तौर पर विरोध दर्ज करा रहे थे। बहरहाल, रांका का टिकट कन्फर्म होने से उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट की बाढ़ सी आ गई है। माना जा रहा है कि वार्ड 75 पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पसंद का तीर निशाने पर लगा है।
















