बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के प्रसिद्ध दाऊजी मंदिर की दीवार के सहारे बनी नाली पर लगी लोहे की जाली गायब गई है। इससे वाहनों के नाली में फंसने का खतरा बढ़ गया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता चौरू लाल सुथार ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है।
सुथार ने बताया कि बीकानेर के भीड़भाड़ भरे दाऊजी मंदिर मार्ग पर मंदिर की दक्षिण दिशा की पूरी दीवार के पास एक मुख्य बड़ी नाली बनी हुई है। यहां पर रास्ता बेहद सांकड़ा होने के कारण यहां से गुजरने वाले चार पहिया वाहन का एक हिस्सा इस नाली में फंस जाता था जिससे यातायात तो जाम होता ही था साथ ही वाहन भी क्षतिग्रस्त होता था। इस समस्या के निस्तारण के लिए नगर निगम को अवगत कराया जिस पर संज्ञान लेते हुए इस पूरी नाली पर लोहे की मजबूत जाली लगाई गई। जाली लगने के बाद कोई भी वाहन इसमे फंसता नही था। लेकिन, कुछ माह पहले जाली का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे कोई उठाकर भी ले गया अब फिर से यहां वही समस्या खड़ी हो गई है। इस संबंध में जुलाई 2026 में नगर निगम के अधिकारियों से आग्रह किया था लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नही हुई है। ऊपर से दीवाली का त्यौहार व इस मार्ग पर यातायात का दोहरा दबाव जो है दिन में कई बार जाम लग जाता है।
सुथार ने नगर निगम के अधिकारियों से पुनः आग्रह किया है कि इस पूरी नाली पर लगी जाली को वापिस मजबूती से फिक्स किया जाकर जाली का जो हिस्सा गायब है वहां पर नई जाली लगाई जाए ताकि कोई वाहन नाली में न फंसे।



















