Hometrendingबीकानेर नगर निगम चुनाव : प्रत्‍याशियों की लिस्‍ट को लेकर पार्टियों की रणनीति...

बीकानेर नगर निगम चुनाव : प्रत्‍याशियों की लिस्‍ट को लेकर पार्टियों की रणनीति फेल! “बगावत” का दौर तेज, आरोपों से घिर रहे दिग्‍गज नेता

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर प्रत्‍याशियों की लिस्‍ट जारी नहीं करने की भाजपा और कांग्रेस की रणनीति फेल होती नजर आ रही है। दोनों ही पार्टियों ने “बगावत” के डर से इस बार आधिकारिक तौर पर प्रत्‍याशियों की सूचियां जारी नहीं की। अलबत्‍ता, सीधे प्रत्‍याशियों को ही सिंबल भेज दिए गए। इससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई। जिन प्रत्‍याशियों को टिकट का सिंबल मिल गया उन्‍होंने पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। वहीं, जो वंचित रह गए वे टायर जलाने के लिए सड़कों पर उतर आए। यह स्थिति भाजपा और कांग्रेस दोनों में समान रूप से देखी जा सकती है।

वार्ड नंबर 1 में भाजपा द्वारा मंजू देवी बोबरवाल को पार्टी टिकट देने की सूचना पर वार्ड वासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि मंजू देवी जिसके प्रतिनिधि अर्जुन बोबरवाल हैं, वह न तो वार्ड नं. 1 के वोटर हैं और न ही उनका वार्ड नं. 1 में मकान है। विरोध के दौरान बाबुलाल सुथार, सुंदरलाल सोनी, रामकिशन जाट, अशोक जाट, मोतीलाल गेदर, शिवजी गेघर, जगदीश बिजारणियां, ओम, नत्‍थू खाँ, मकबूल खाँ, शरीफ खां सहित अनेक लोग शामिल रहे।

इसी तरह वार्ड नंबर 26 में भाजपा का टिकट शिव कुमार रंगा को देने पर पूर्व पार्षद रामदयाल पंचारिया के समर्थकों ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ के निवास पर विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड 41 में भी भाजपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर विरोध सामने आया है। वार्ड के कुछ आमजन ने संभावित प्रत्याशी के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और टायर जलाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पार्टी को वार्ड नंबर 41 में प्रत्याशी चयन के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वार्ड में सामान्य वर्ग से ही प्रत्याशी को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना है कि पार्टी को स्थानीय स्तर पर आमजन की भावनाओं और कार्यकर्ताओं की राय को ध्यान में रखते हुए टिकट का निर्णय करना चाहिए।

वार्ड 20 में भाजपा प्रत्याशी का विरोध किया जा रहा है। लोगों ने कहा है कि यहां बाहरी वार्ड के व्यक्ति को टिकट दिया गया है। पूरा वार्ड ओबीसी बाहुल्य क्षेत्र, जो परंपरागत भाजपा के वोटर हैं। लोगों ने कहा- उनकी मांग बस इतनी सी है कि वार्ड के व्यक्ति को ही टिकट दिया जाए। वार्ड से सात व्यक्तियों ने आवेदन किया है। पार्टी सातों में से किसी भी को टिकट दे सकती है। लेकिन, पैराशूट प्रत्याशी किसी भी सूरत में बर्दाश्‍त नहीं होगा।

वार्ड नंबर छह में भी संभावित टिकट को लेकर लोगों में आक्रोश है। क्षेत्र के लोग शनिवार को लामबंद होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्‍होंने शहर अध्‍यक्ष सुमन छाजेड़ से दो टूक कहा कि वार्ड जिस वर्ग के लिए आरक्षित है, टिकट उसी वर्ग के स्‍थानीय कार्यकर्ता को मिलना चाहिए। बाहरी या अन्‍य समीकरण वाले प्रत्‍याशी को किसी सूरत में बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा।

वार्ड 62 में भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता शास्त्री पंडित गायत्री प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में गोगा गेट सर्किल पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पार्टी नेतृत्व से घोषित प्रत्याशी के स्थान पर वार्ड के सक्रिय एवं स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास के खिलाफ भी नारे लगाए गए। शास्त्री पंडित गायत्री प्रसाद शर्मा ने आरोप लगाया कि घोषित प्रत्याशी वर्तमान में शहर कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष पद पर हैं, जबकि भाजपा में ‘एक व्यक्ति–एक पद’ का सिद्धांत लागू है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घोषित प्रत्याशी वार्ड नं. 62 के निवासी नहीं हैं। शर्मा ने भाजपा के सांसद, विधायक एवं स्थानीय संगठन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए वार्ड नं. 62 के टिकट पर पुनर्विचार कर स्थानीय एवं सक्रिय कार्यकर्ता को अवसर देने की मांग की।

वार्ड 41 से फारुख चौहान की टिकट लगभग फाइनल होने की खबर के बाद वार्ड वासियों ने किया जमकर विरोध लगाएं नारे और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।इसी तरह वार्ड नंबर 22 से भाजपा के प्रतीक स्वामी को टिकट नहीं दिए जाने के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने भाजपा नेतृत्व से प्रतीक स्वामी को टिकट देने की मांग की और टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।  इधर, वार्ड नंबर 50 से पार्षद चुनाव की टिकट को लेकर रजाक खान के समर्थन में लोगों की भीड़ कांग्रेस कार्यालय पहुँची और प्रदर्शन किया।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular