बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 में प्रत्याशियों की सूची को लेकर कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। बताया जा रहा है कि सूची को लेकर पार्टी के नेताओं में आम सहमति नहीं बन पा रही है। स्थिति यह है कि जिन दावेदारों को पार्टी की ओर से सिंबल का सिग्नल दिया गया था, उन्हें ही अब मना किया जा रहा है। ऐसे में उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया है। पार्टी सूत्रों से पता चला है कि सूची पर सहमति नहीं बनने का मामला अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तक पहुंच गया है। पार्टी मुख्यालय की ओर से सूची में जो नाम तय किए गए थे उनमें कुछ में बदलाव को लेकर यह बखेड़ा खड़ा होना बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सूची में सहमति के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला, पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित अन्य नेताओं की बैठक भी हुई थी, लेकिन बात नहीं बनी। अब प्रदेश तक मामला पहुंचने के बाद दुबारा बैठक बुलाने की तैयारी चल रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सूची में जिन नामों में बदलाव होने को लेकर विवाद चल रहा है वह थमने के बाद देर रात आधिकारिक तौर पर सूची जारी की जा सकती है।
वार्ड नंबर 73 बना हॉट सीट
इधर, वार्ड नंबर 73 को लेकर शहर का सियासी माहौल खासा गर्माया हुआ है। इस वार्ड से पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के भतीजे महेन्द्र कल्ला ने दावेदारी जताई थी। लेकिन, बाद में खबर आई कि वे चुनावी समर से हट गए हैं। इसके बाद अब उनके छोटे भाई अनिल कल्ला का नाम सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया जा रहा है। समर्थकों से बात करने पर उन्होंने बताया कि टिकट कन्फर्म नहीं हुआ लेकिन संकेत मिलने के बाद वे उत्साह में पोस्ट कर रहे हैं। इस वार्ड से कांग्रेस के आनंद जोशी, लालचंद पुरोहित, मोहम्मद रमजान भी दावेदार हैं। इस बीच, आनंद जोशी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने जाएंगे। आपको बता दें कि इस वार्ड से भाजपा ने दीपक पारीक को प्रत्याशी बनाया है। पारीक का नाम संभावित महापौर में भी लिया जाता है।
















