Thursday, June 4, 2026
Hometrendingगहलोत सरकार को चेतावनी- तीन दिन में घटाएं पेट्रोल-डीजल पर वैट, नहीं...

गहलोत सरकार को चेतावनी- तीन दिन में घटाएं पेट्रोल-डीजल पर वैट, नहीं तो होगा उग्र प्रदर्शन…

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी के बाद अब प्रदेश की गहलोत सरकार पर भी वैट में कमी का दबाव बढ़ रहा है। अब भारतीय जनता युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में वैट नहीं घटाया तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दीपावली से पूर्व 5 रुपए पेट्रोल तथा 10 रुपए डीज़ल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क घटाया था। अब फिर से पेट्रोल पर 8 रुपए प्रति लीटर तथा डीज़ल पर 6 रुपए प्रति लीटर केंद्रीय उत्पाद शुल्क घटाया है। उस समय युवा मोर्चा ने दबाव बनाया तो राजस्थान सरकार ने वैट कम कर दिया। जो ऊंट के मुंह में ज़ीरा समान था।

शर्मा ने गहलोत सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर 3 दिन में राजस्थान सरकार द्वारा पेट्रोल और डीज़ल पर वैट को कम नहीं किया जाता है तो मोर्चा कार्यकर्ता राजस्थान की सड़कों पर आकर आंदोलन करेगा।

​इधर, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर और घरेलू गैस के सिलेंडर पर सब्सिडी देकर मोदी सरकार ने किसान, व्यापारी, मिडिल क्लास और गरीबों को राहत दी है। उन्होंने कहा अपने जन घोषणा पत्र में पेट्रोल और डीजल को GST के दायरे में लाने, पिछली बीजेपी सरकार के समय पेट्रोल पर 26 और डीजल पर 18 फीसदी वैट घटाने और महंगाई को लेकर गांधी प्रतिमा के सामने आए दिन आंदोलन के नाम पर नौटंकी करने वाली गहलोत सरकार को अगर वास्तव में जनता से वास्ता है, तो उसे पेट्रोल-डीजल पर वैट में तुरंत कमी करके जनता को राहत देनी चाहिए। राठौड़ ने कहा कि सीएम गहलोत ने राज्य में 5 जुलाई 2019 से लेकर अब तक 4 बार अलग-अलग समय पर जो आदेश जारी कर पेट्रोल पर 12 फीसदी और डीजल पर 10 फीसदी वैट बढ़ाया है, उसे कम करने का साहस जुटाएं। ताकि महंगाई से त्रस्त जनता को राहत मिले।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के दामों में भारी कमी कर जनता को फिर बड़ी राहत दी है। अब राज्य की कांग्रेस सरकार वैट कम कर जनता को राहत दे। उन्होंने कहा ऐतिहासिक फैसले में मोदी सरकार ने पेट्रोल पर 8 और डीजल पर 6 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम की है। पिछले साल नवंबर में भी मोदी सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 5 और डीजल पर 10 रुपए की कटौती कर बड़़ी राहत दी थी। कांग्रेस सरकार की ओर से वैट में कटौती नहीं करने के कारण देश में सबसे महंगा डीजल-पेट्रोल राजस्थान में मिल रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री गहलोत को राज्य की जनता के हित में गंभीरता से विचार कर डीजल-पेट्रोल पर वैट में कमी कर राहत देनी चाहिए। केंद्र के खिलाफ झूठी और बिना फैक्ट की बयानबाजी बंद करनी चाहिए।

पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर कहा पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार केन्द्र को कोसती रही है। जबकि केन्द्र सरकार ने दो बार एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है। अब राज्य सरकार को भी पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाकर जनता को राहत देनी चाहिए। राजे ने कहा केन्द्रीय उत्पाद शुल्क घटाने से अब देश में पेट्रोल 9.5 रुपए और डीजल 7 रुपए प्रति लीटर सस्ता मिलेगा। वहीं उज्ज्वला योजना में 12 सिलेंडर तक 200 रुपए प्रति गैस सिलेंडर सब्सिडी देने का निर्णय भी मोदी सरकार ने लिया है, जिससे 9 करोड़ माताओं-बहनों को बड़ी मदद मिलेगी।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!