









जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में लंबित भर्तियों को गति देने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में 4 जून को उच्च स्तरीय बैठक होने जा रही है। बैठक में चतुर्थ श्रेणी पदों सहित कांस्टेबल, एसआई, वीडीओ, नर्सिंग और इंजीनियर भर्ती पर चर्चा होगी। बैठक के एजेंडे में सबसे प्रमुख रूप से 53,749 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती शामिल है। भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल परीक्षण, मेरिट निर्धारण और अन्य चरणों में हो रही देरी की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। इसके अलावा 300 अतिरिक्त उप निरीक्षक (SI) पदों और 9,000 कांस्टेबल पदों की वित्तीय स्वीकृति पर भी विचार किया जाएगा। 24,793 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती के लिए आवश्यक नियम संशोधन की स्थिति की समीक्षा भी बैठक में होगी।
ग्रामीण विकास विभाग के तहत ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के 3,430 पदों की वित्तीय स्वीकृति, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के 2,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया और 600 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती को लेकर चल रही कार्यवाही पर भी चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में पीएचईडी के सहायक अभियंताओं के 3,000 पदों तथा 590 शारीरिक शिक्षकों की भर्ती से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही वित्त विभाग में लंबित विभिन्न भर्ती प्रस्तावों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श होगा।


