जयपुर Abhayindia.com कोरोना संक्रमण के चलते मचे हाहाकार के बीच रेमडेसिविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन की हो रही कालाबाजारी ने आमजन में चिंताएं बढा दी है। राजधानी जयपुर में रेमडेसिविर की कालाबाजारी के आरोप में पांच जने अरेस्ट होने के बाद अब उदयपुर और कोटा में भी कालाबाजारी के मामले सामने आए हैं।
उदयपुर में रेमडेसिविर की कालाबाजारी के आरोप में डीएसटी और हिरणमगरी थाना पुलिस ने एक डॉक्टर और एक मेडिकल स्टूडेंट को गिरफ्तार किया है। वहीं, कोटा पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडरों की कालाबाजारी के मामले में दो युवको को गिरफ्तार किया है। उनसे ऑक्सीजन के 35 सिलेंडर जब्त किये गये हैं।
कोटा ग्रामीण में बुधवार देर रात दो युवकों को चोरी छिपे मिनी ट्रक से ऑक्सीजन सिलेंडर उतारते पकड़ा गया है। पूछताछ में दोनों युवक इन सिलेंडरों के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पर दोनों को पकड़कर थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि उनके पास ट्रक के कोई विशेष दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे।
इसी तरह उदयपुर के एकलिंगपुरा चौराहे पर एक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बोगस ग्राहक बन कर गए पुलिस के जवान ने इंजेक्शन लेने के दौरान आस-पास मौजूद टीम के सदस्यों को इशारा कर दिया। इसके बाद तत्काल दबिश देकर डॉक्टर मोहम्मद आमिर खान और मोहित पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से इंजेक्शन भी बरामद किया गया। मोहित पाटीदार एमबीबीएस सेकंड ईयर का स्टूडेंट है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।















