जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में कोरोना के कहर के बाद लागू ‘जन अनुशासन पखवाड़े’ (Public Discipline Fortnight) में इसके नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब पुलिस सख्ती बरतेगी।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर बिना वजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाइयां करने के लिए 4 हजार जवानों को तैनात किया गया है। इसके लिए राजधानी में करीब 81 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों की गिरफ्तारियां भी करनी पड़ी तो की जाएंगी।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने कहा कि अनावश्यक घूमने वालों के खिलाफ अब सख्ती बरती जाएगी। इसके तहत उन लोगों के वाहन जब्त किए जाएंगे जो अनावश्यक भीड़ कर रहे हैं। बहानेबाजों को पुलिस स्वीकार नहीं करेगी। मास्क नहीं लगा रहे लोगों के 500 रुपए की राशि के चालान किए जाएंगे। छूट के अतिरिक्त दुकानें खुली पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी जुर्माने लगाकर दुकानें बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी।













