बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव में अब तक का सबसे नाटकीय घटनाक्रम भाजपा नेता महावीर रांका के टिकट कटने का रहा। भाजपा अब इस घटनाक्रम पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।
बीकानेर में निकाय चुनाव के सह प्रभारी महावीर राज सैनी का इस मामले को लेकर आज एक बड़ा सियासी बयान सामने आया है। सैनी ने कहा- “महावीर रांका का फाइनलिस्ट में नाम ही नहीं था। ऐसे में उनका टिकट काटने का सवाल ही पैदा नहीं होता। पार्टी में आवेदन करना कार्यकर्ता का अधिकार है, पार्टी आवेदन स्वीकार कर फैसला करती है। पार्टी ने जो निर्णय लिया, उसे सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार करना चाहिए।”
सैनी ने महावीर रांका की सराहना करते हुए कहा कि वे शानदार कार्यकर्ता हैं, पार्टी के फैसले का उन्होंने दिल से सम्मान किया है। उन्होंने पार्टी के फैसले का सम्मान करते हुए शानदार बयान दिया है। उनकी पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है।
रांका ने खोली पोल - नाम लेकर बताया किसने कहा नामांकन भरो
वहीं, प्रभारी महावीर सिंह सैनी के इस सियासी बयान पर भाजपा नेता महावीर रांका ने अपना पक्ष रखते हुए बड़ा खुलासा किया है। रांका ने कहा- “रविवार शाम को भाजपा नेता एवं चुनाव संयोजक डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने उन्हें नामांकन दाखिल करने को कहा था। इसके बाद सोमवार सुबह शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ का फोन आया। उन्होंने भी नामांकन पत्र दाखिल करने की बात कही। उन्होंने नसीहत भी दी कि नामांकन पत्र जल्दी भरने जाना, क्योंकि बाद में भीड़ ज्यादा हो जाएगी।” रांका ने कहा कि मुझे जिम्मेदार नेताओं के कहने से ही नामांकन भरा, यदि ऐसा नहीं होता तो मैं निर्दलीय के रूप में भी नामांकन भरता।
रांका ने साफतौर पर कहा कि मुझे पार्टी नेताओं से सूचना मिलने के बाद ही नामांकन पत्र दाखिल किया है। निकाय चुनाव प्रभारी सैनी के बयान पर रांका ने कहा कि उन्होंने जो भी कहा मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन नामांकन को लेकर जो सच्चाई थी वो मैंने बता दी है।
पर्दा डालकर कलह छिपाने की कोशिश?
बहरहाल, निकाय चुनाव प्रभारी सैनी के बयान के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा गर्मा गई है कि महावीर रांका के टिकट काटने के मामले में पार्टी अब पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। असल में, पार्टी इस रणनीति के माध्यम से आपसी कलह को उजागर होने से बचाने की कोशिश कर रही है।
आपको बता दें कि भाजपा नेता महावीर रांका ने वार्ड नंबर 75 के लिए भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद पार्टी की ओर से जारी सूची में महावीर रांका के स्थान पर विशाल गोलछा को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। -सुरेश बोड़ा
बीकानेर नगर निगम चुनाव : भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, ऐनवक्त पर कई नाम जुड़े, कई कटे
बीकानेर में नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम : महावीर रांका का टिकट कटा, विशाल गोलछा को मिला मौका
















