बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर बड़ी सियासी खबर सामने आई है। वार्ड नंबर 75 के लिए भाजपा प्रत्याशी महावीर रांका का टिकट काट दिया गया है। इस घटनाक्रम से रांका के समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश है। महावीर रांका की जगह पार्टी ने विशाल गोलछा को टिकट दे दिया है।
सुबह नामांकन, दोपहर को झटका
इससे पहले कल शाम रांका का टिकट फाइनल होने पर उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखा। रांका ने अपने समर्थकों के साथ आज सुबह नामांकन भी दाखिल कर दिया। तब तक सब कुछ सही चल रहा था। लेकिन, दोपहर बाद अचानक रांका का टिकट कटने की खबर आ गई। इसके साथ ही उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। बताया जा रहा है कि पार्टी के ही नेताओं की आपसी खींचतान के चलते यह नाटकीय घटनाक्रम हुआ है।
रांका की भावुक अपील
स्वयं रांका ने सोशल मीडिया पर आकर इस मसले पर अपनी बात रखते हुए कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाकर रखने की अपील की है। रांका ने अपनी विनम्र अपील में कहा – “पार्टी ने जो भी निर्णय किया है वह सोच समझकर ही किया होगा। पार्टी का निर्णय हमें स्वीकार है। मैं वार्ड 75 के कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझे सहयोग दिया है।” रांका ने कार्यकर्ताओं व मतदाताओं से यह भी अपील की है कि वे भाजपा से जुड़े रहें।
अंदरूनी कलह का शिकार?
आपको बता दें कि महावीर रांका केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नजदीकी माने जाते हैं और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास से उनके समीकरण सही नहीं रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यही आपसी खींचतान रांका के टिकट पर भारी पड़ गई।
बीकानेर में नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम : महावीर रांका का टिकट कटा, विशाल गोलछा को मिला मौका
















