बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 में नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन कई चौंकाने वाले राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में हॉट सीट बने वार्ड नंबर 73 को लेकर स्थिति साफ हो गई है।
इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। वहीं, टिकट कटने से नाराज कांग्रेस नेता आनंद जोशी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकते हुए नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस वार्ड से भाजपा के प्रत्याशी दीपक पारीक ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में यहां त्रिकोणीय संघर्ष बनता नजर आ रहा है।
आनंद जोशी का फूटा गुस्सा लगाया परिवारवाद का आरोप
टिकट कटने से नाराज आनंद जोशी ने मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला पर परिवारवाद का आरोप लगाया। जोशी ने कहा- “मैं पच्चीस साल से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हूं लेकिन पूर्व मंत्री ने मेरा टिकट कटवाकर अपने भतीजे को मैदान में उतारा है। पूर्व मंत्री ने यहां केवल मेरा टिकट नहीं काटा है, बल्कि अल्पसंख्यक वर्ग को भी नजरअंदाज किया है। जिस प्रत्याशी को टिकट दिया गया है वे इस वार्ड के स्थायी निवासी भी नहीं हैं।” नामांकन पत्र वापस लेने के सवाल पर जोशी ने कहा कि वे किसी सूरत में मैदान से हटेंगे नहीं और वार्डवासियों के आशीर्वाद व सहयोग से विजयी बनेंगे।
आपको बता दें कि वार्ड नंबर 73 को लेकर पिछले कई दिनों से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में जबरदस्त खींचतान चली। पूर्व मंत्री डॉ. कल्ला अपने भतीजे अनिल कल्ला को टिकट दिलाने के लिए आखिर तक डटे रहे। आखिरकार उनके नाम का ऐलान कल रात कर दिया गया। इसके साथ ही इस निर्णय से खफा कांग्रेस नेता आनंद जोशी के समर्थकों ने कल रात सोनगिरी कुआं पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया तथा पूर्व मंत्री कल्ला के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अनिल कल्ला और दीपक पारीक ने क्या कहा?
कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अनिल कल्ला ने कहा कि वे अपने वार्ड क्षेत्र के समुचित विकास के लिए भरसक कोशिश करेंगे। वर्तमान में केवल वार्ड ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में सड़क, सीवरेज व सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। उनके सामने बागी के रूप में आनंद जोशी की ओर से दी गई चुनौती के सवाल पर कल्ला ने कहा कि “यह हमारी पार्टी का अंदरूनी मामला है। जो नाराज हैं उन्हें राजी भी कर लिया जाएगा।”
इस वार्ड से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे दीपक पारीक ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा – पार्टी ने मुझे टिकट देकर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा। साथ ही वार्ड के विकास में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाएगी।
















