Tuesday, May 26, 2026
Hometrendingआत्‍मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की...

आत्‍मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा, मोदी ने कहा…

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात आठ बजे राष्ट्र के नाम संदेश दिया। संदेश में मोदी ने कहा कि दुनिया ने कभी ऐसा संकट नहीं देखा है। कोरोना का संकट अभूतपूर्व है। हमें इस संकट से बचना भी है और आगे बढ़ना भी है। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। इसकी विस्‍तार से घोषणा आने वाले दिनों में वित्‍तमंत्री करेंगी।

पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि कोरोना से पौने तीन लाख से ज्यादा लोगों की दु:खद मृत्यु हुई है। भारत में भी अनेक परिवारों ने अपने स्वजन खोए हैं। मैं सभी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक वायरस ने दुनिया को तहस-नहस किया। विश्व भर में करोड़ों जिंदगियां संकट का सामना कर रही हैं। सारी दुनिया जिंदगी बचाने में एक प्रकार से जंग में जुटी है। हमने ऐसा संकट न देखा है, न ही सुना है। निश्चित तौर पर मानव जाति के लिए यह सब कुछ अकल्पनीय है। यह क्राइसिस अभूतपूर्व है, लेकिन थकना, हारना, टूटना, बिखरना, मानव को मंजूर नहीं है। सतर्क रहते हुए ऐसी जंग के सभी नियमों का पालन करते हुए अब हमें बचना भी है और आगे बढ़ना भी है।

मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया संकट में है तो हमें अपना संकल्प और मजबूत करना होगा, हमारा संकल्प इस संकट से भी विराट होगा। हम पिछली शताब्दी से ही लगातार सुनते आए हैं कि 21वीं सदी हिंदुस्तान की है। हमने कोरोना से पहले की दुनिया को, वैश्विक व्यवस्थाओं को देखने समझने का मौका मिला है। कोरोना संकट के बाद भी दुनिया में जो स्थितियां बन रही हैं, उसे भी हम निरंतर देख रहे हैं। विश्व की आज की स्थिति हमें सिखाती है कि इसका मार्ग एक ही है, आत्मनिर्भर भारत। हमारे यहां शास्त्रों में भी यही कहा गया है। इतनी बड़ी आपदा भारत के लिए एक संकेत, एक संदेश, एक अवसर लेकर आई है।

मोदी ने कहा कि भारत ने आपदा को अवसर में बदला। मैं एक उदाहरण के साथ अपनी बात बता रहा हूं। जब कोरोना संकट शुरू हुआ, तब भारत में एक भी पीपीई किट नहीं बनती थी। एन-95 मास्क का भारत में नाममात्र उत्पादन होता था। आज स्थिति यह है कि भारत में ही हर रोज दो लाख पीपीई और दो लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं। हम ऐसा इसलिए कर पाए, क्योंकि भारत ने आपदा को अवसर में बदल दिया। ऐसा करने की भारत की दृष्टि आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प के लिए उतनी ही प्रभावी होने वाली है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!