उदयपुर Abhayindia.com उदयपुर में कन्हैया लाल टेलर की निर्ममता से हत्या करने वाले आरोपियों को शनिवार को जयपुर स्थित एनआईए कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी हत्या के दिन ही गिरफ्तार हो गए थे। जबकि मोहसिन और आसिफ को पुलिस ने गुरूवार को गिरफ्तार किया था। अब एनआईए चारों आरोपियों को जयपुर के एनआईए कोर्ट में पेश करेगी।
इस मामले के दोनों मुख्य आरोपियों को गुरूवार देर रात उदयपुर से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में भेजा गया था। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों आरोपियों को उदयपुर की सामान्य जेल में नहीं रखा गया। वहीं, रात में दोनों को अलग-अलग सेल में रखा गया ताकि वे एक-दूसरे से बात नहीं कर सके। इसके साथ ही मोहसिन और आसिफ को शुक्रवार दोपहर बाद उदयपुर की अदालत में एनआईए ने पेश किया। दोनों को एक दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है।
इस बीच, आपको बता दें कि चारों आरोपियों की एनआईए कोर्ट में पेशी के दौरान पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। हालांकि, पेशी को लेकर कयास यह भी लगाया जा रहा है कि उन्हें वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पेश किया जा सकता है।






















