जयपुर abhayindia.com मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार पिछले दिनों से लगातार कड़े कदम उठा रही है। प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए हम सख्त कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। हमारा उद्देश्य संक्रमण की चेन को तोड़ना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जन अनुशासन पखवाड़े के प्रतिबंधात्मक प्रावधानों की निचले स्तर तक कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए।
गहलोत सोमवार रात को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों, नोडल अधिकारियों, जिला कलक्टरों, पुलिस तथा चिकित्सा अधिकारियों के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑक्सीजन की आपूर्ति, दवाओं की उपलब्धता, वेंटिलेटर, आईसीयू एवं आॅक्सीजन बेडों की संख्या बढ़ाने, सीमावर्ती जिलों में चैकपोस्टों आदि के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिस गति से संक्रमित रोगियों की संख्या तथा आॅक्सीजन एवं वेंटिलेटर युक्त बेड की आवश्यकता बढ़ रही है, हमें अभी से आने वाली किसी भी संभावित स्थिति का आकलन कर अस्पतालों और कोविड केयर सेंटरों में इनकी उपलब्धता को सुनिश्चित करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में मास्क अचूक हथियार है। इसे नियमित रूप से पहनने से कोविड वायरस को फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि बिना मास्क पहने कोई घर से बाहर ना निकले और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर कोई भी व्यक्ति बिना मास्क नहीं दिखना चाहिए। मास्क न पहनने पर चालान करने के बाद संबंधित व्यक्ति को मास्क उपलब्ध भी करवाया जाए।
चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने बताया कि पूरे देश में 2 लाख 73 हजार पाॅजिटिव केस एक दिन में आए हैं। सभी राज्यों में हालात विकट हैं। सोमवार को प्रदेश में भी लगभग 12 हजार पाॅजिटिव केस का आना यह दर्शाता है कि संक्रमण की स्थिति कितनी गंभीर है। उन्होंने जिला कलक्टरों से कहा कि वे स्थानीय अस्पतालों में कोरोना मरीजों से इलाज के लिए अधिक पैसे वसूलने जैसी शिकायतों पर तंुरत कार्रवाई करें। साथ ही, ग्राम पंचायत स्तर पर समितियों को पुनः क्रियाशील कर दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए 14 दिन का होम आइसोलेशन सुनिश्चित करवाएं।













