








बीकानेर abhayindia.com जिला उद्योग संघ ने जिले के उद्यमियों व व्यापारियों से राज्य सरकार की ओर से जारी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना से जुडऩे का आह्वन किया है।
व्यापारी इसमें अपना व अपने रिश्तेदारों एवं श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन करवाकर योजना का लाभ उठा सकते है। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव विनोद गोयल ने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से एक नई पहल करते हुए मात्र 850 रुपए का भुगतान कर प्रदेश के सभी परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर निशुल्क इलाज के लिए 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है।
इस योजना के तहत चिन्हित सामान्य बीमारियों के लिए 50 हजार रुपए एवं गंभीर बीमारियों के लिए 4 लाख 50 हजार रुपए प्रति वर्ष बीमा कवर मिलेगा। इसमें विभिन्न बीमारियों के लिए 1576 पैकेज शामिल किए गए है। योजना से जुड़े निजी एवं सरकारी अस्पतालों में लाभार्थी परिवार निशुल्क उपचार ले सकते हैं।
इस पैकेज में मरीज के अस्पताल में भर्ती होने से 5 दिन पहले का और डिस्चार्ज के बाद 15 दिनों का चिकित्सा खर्च निशुल्क शामिल है। इस योजना का रजिस्ट्रेशन 1 अप्रेल 2021 से शुरू हो चुका है और 1 मई 2021 से इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इस योजना में जुडऩे के लिए भामाशाह या जन आधार कार्ड या जन आधार संख्या और आधार कार्ड आवश्यक है। इसके लिए ऑन लाइन या ई-मित्र पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इस योजना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, सामाजिक आर्थिक जनगणना के पात्र परिवारों, लघु व सीमांत कृषक व संविदाकर्मियों का पूरा बीमा प्रीमियम राज्य सरकार देगी ।
इस योजना में किसी भी प्रकार की न्यूनतम अथवा अधिकतम आय या आयु सीमा निर्धारित नहीं है। इस योजना के लिए स्वयं के साथ साथ अपने रिश्तेदारों व अपने औद्योगिक व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना चाहिए ताकि भविष्य में आने वाली स्वास्थ्य सम्बंधी विपदाओं में होने वाले आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। बीकानेर जिला उद्योग सदैव सामाजिक सरोकारों के कार्यों में अग्रणी रहा है और निरंतर इस योजना को जन जन तक पहुंचाने के लिए अपना प्रयास जारी रखेगा।


