








दिल्ली-मुंबई में आज एक प्लॉट की कीमत 50 लाख से 5 करोड़ तक है। लोग जीवन भर की कमाई लगा देते हैं, लोन लेते हैं, पर एक सवाल रात भर सोने नहीं देता- “कहीं ये जमीन गलत तो नहीं ले ली?” कोई कहता है पंडित जी से पूछो, कोई कहता है वास्तु वाले से। पर सच ये है कि जमीन को परखने की ये बेचैनी आज की नहीं है। हजारों साल पहले जब न कोई रजिस्ट्री थी, न कोई प्रॉपर्टी डीलर, तब हमारे ऋषियों ने जमीन के जीवित होने की बात कही थी। उन्होंने जमीन के भी तीन प्रकार बताए थे- जाग्रत, सुप्त और मृत। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले उसे शास्त्र कहते थे, आज उसी को आप “पॉजिटिव-निगेटिव एनर्जी” कहते हैं। तो बिना किसी अंधविश्वास के, शास्त्र और विज्ञान दोनों की कसौटी पर कैसे परखें कि जो जमीन आप खरीद रहे हैं, वह आपका भाग्य बनाएगी या बिगाड़ेगी?
प्राचीन और आधुनिक विचारधारा में इस बात पर आश्चर्यजनक समानता है। अच्छी जमीन वह है जिसका घनत्व अधिक हो, जो पथरीली और कठोर हो। हमारे शास्त्रों में इसे बहुत सुंदर सूत्र में कहा गया है-
अनूषरा स्निग्धवर्णा प्रशस्ता च बहूदका।
तृणोपलाकुलिता या सा मान्या वास्तुविधौ परा॥
अर्थात् जो जमीन उपजाऊ हो, चिकनी मिट्टी वाली हो, जहाँ पानी की उपलब्धता हो, थोड़ी घास और पत्थर भी हों, वह वास्तु में सर्वश्रेष्ठ मानी गई है।
जमीन भी सोती-जागती है?
शास्त्रों में भूमि के तीन लक्षण बताए हैं- जाग्रत, सुप्त और मृत।
1. जाग्रत भूमि - जो जी रही है
जिस जमीन पर औषधियाँ, वृक्ष, लताएँ हरी-भरी हों, मिट्टी समतल हो, उसे जाग्रत कहा गया। ऐसी जमीन पर उन्नति निश्चित है।
शास्त्र कहता है…
यत्र वृक्षाः प्ररोहन्ति शस्यं हर्षात् प्रवर्धते।
सा भूमिर्जीविता ज्ञेया मृता वाच्यान्यथा बुधैः॥
2. सबसे आसान टेस्ट मन का टेस्ट
गर्ग ऋषि ने सबसे सरल उपाय बताया है-
मनसश्चक्षुषोर्यत्र सन्तोषो जायते भुवि।
तस्यां कार्यं गृहं सर्वैरिति गर्गादिसम्मतम्॥
अर्थात् जिस जमीन पर कदम रखते ही मन और आँखों को संतोष और प्रसन्नता मिले, समझिए वही आपके लिए बनी है। अगर प्लॉट पर जाकर ही घुटन, बेचैनी लगे तो लाख सस्ता होने पर भी छोड़ देना चाहिए।
3. धूल का टेस्ट साइंस जैसा प्रयोग
यह सबसे प्रैक्टिकल टेस्ट है। जमीन की थोड़ी धूल लेकर ऊपर उछालें अगर धूल के कण ऊपर की ओर उठते चले जाएँ वह जाग्रत और उन्नति देने वाली है। अगर कण हवा में ही स्थिर रह जाएँ वह मध्यम है। अगर कण तुरंत नीचे गिर जाएँ वह मृत/सुप्त है, उस पर कभी घर नहीं बनाना चाहिए।
सुप्त भूमि की पहचान और भी है- जहाँ ऊसर हो, चूहों के बिल हों, छोटे गड्ढे हों, दीमक हो, ऊबड़-खाबड़ और काँटेदार झाड़ियाँ हों, वह सुप्त भूमि है। ऐसी जगह रहने वाला कभी सुखी नहीं रहता।
रंग, गंध, स्वाद से भूमि की पहचान रंग से सफेद ब्राह्मणी (सुख देने वाली), लाल क्षत्रिया (राज्य/पद देने वाली), हरी/पीली वैश्या (धन-धान्य देने वाली), काली शूद्रा (त्याज्य) गंध से घी जैसी, खून जैसी, अन्न जैसी और मद्य जैसी गंध क्रमशः इन्हीं चारों के लिए मानी गई है।
स्वाद से मीठी, कसैली, खट्टी और कड़वी
सितारक्ता पीता कृष्णा विप्रादीनां प्रशस्यते भूमिः।
गन्धश्च भवति यस्या घृतरुधिरान्नमद्यसम:॥
5. ढलान का विज्ञान
जमीन किस ओर झुकी है, यह भविष्य तय करती है। पूर्व में ढलान धन प्राप्ति, आग्नेय में आग का भय। दक्षिण में मृत्यु तुल्य कष्ट, नैऋत्य में धन नाश, पश्चिम में पुत्र हानि, वायव्य में परदेश वास, उत्तर में धन लाभ। ईशान में विद्या लाभ, बीच में गड्ढा हमेशा कष्टकारी।
6. अंतिम और अचूक 3 टेस्ट जो आप खुद कर सकते हैं
टेस्ट A पानी का टेस्ट एक हाथ लंबा-चौड़ा-गहरा गड्ढा खोदें, पानी से पूरा भर दें। अगर पानी वैसा ही रहे उत्तम। सूख जाए अशुभ। स्थिर रहे स्थिरता देगा। दक्षिणावर्त घूमे सुख, वामावर्त घूमे मृत्यु तुल्य कष्ट।
टेस्ट B बीज का टेस्ट जमीन को जोत कर तिल, जौ या सरसों बो दें। अगर 3 रात में अंकुर फूटे श्रेष्ठ, 5 रात में मध्यम, 7 रात में अधम।
टेस्ट C खुदाई का टेस्ट खोदने पर पत्थर मिले सोना-धन लाभ, ईंट मिले समृद्धि, तांबा आदि धातु उन्नति। और अगर हड्डी, कपाल, कोयला, बाल, दीमक, सांप, जली लकड़ी या लोहा मिले तो वह जमीन रोग, कलह और मृत्यु देने वाली है, उसे तुरंत त्याग दें।
आजकल हम प्लॉट खरीदते समय लोकेशन, रेट और लोन – तीन ही चीजें देखते हैं। पेपर वकील से चेक करा लेते हैं, पर जमीन को कभी खुद से नहीं पूछते कि – क्या तू मेरे लिए बनी है? याद रखिए, वकील कागज की गारंटी दे सकता है, प्रॉपर्टी डीलर रेट की गारंटी दे सकता है, पर आपके सुख, आपकी शांति और आपके बच्चों के भविष्य की गारंटी कोई नहीं दे सकता सिवाय उस जमीन के। ईंट, सीमेंट, सरिया तो आप बाजार से दोबारा ले आएंगे, पर अगर नींव ही सुप्त या मृत भूमि पर रख दी, तो जीवन भर की कमाई पर बना महल भी आपको कभी सुकून नहीं देगा। वह घर नहीं, एक बोझ बनकर रह जाएगा। इसलिए अगली बार जब प्लॉट देखने जाएं, तो जेब में पैसा ही नहीं, थोड़ी सी धूल उछालने की समझ, थोड़ा पानी डालकर परखने की धीरज और अपने मन की आवाज सुनने का समय भी साथ ले जाइए। क्योंकि प्लॉट आप आज खरीदते हैं, पर किस्मत आपकी आने वाली सात पीढ़ियां वहाँ रहती हैं। लेखक – सुमित व्यास, एम.ए (हिंदू स्टडीज़), काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी, मोबाइल – 6376188431






