








जयपुर Abhayindia.com उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं पेट्रोल-डीजल की सही मात्रा सुनिश्चित करने के लिए उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेशभर में कुल 62 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कम मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने एवं बिना वैध सत्यापन के पेट्रोल पंप संचालित करने के मामले सामने आए।
तीन साल से बिना सत्यापन चल रहा था पेट्रोल पंप
जयपुर जिले के दूदू स्थित श्री कृष्ण पेट्रोलियम (HPCL) पर निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि पेट्रोल पंप के माप-वितरण उपकरणों का अंतिम सत्यापन 12.09.2023 तक ही वैध था, इसके बावजूद पेट्रोल पंप का संचालन लगभग तीन वर्षों से बिना वैध सत्यापन के किया जा रहा था। इस पर विभागीय टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप के सभी नोजल जब्त कर लिए तथा 10 हजार 500 रूपये का जुर्माना लगाया।
निरीक्षण के दौरान अन्य जिलों में भी पेट्रोल-डीजल की निर्धारित मात्रा से कम वितरण के मामले सामने आए।
दौसा : सूर्या फिलिंग स्टेशन, गढ़ दौसा (HPCL) पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर पेट्रोल/डीजल कम दिया जाना पाया गया। एक नोजल जब्त कर 10 हजार 500 का जुर्माना लगाया गया।
जोधपुर :
1. गणेशीलाल एंड संस, रेजीडेंसी रोड पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर 2 नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
2. सूर्यनगरी पेट्रोलियम, बॉम्बे मोटर्स सर्किल पर भी प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर 3 नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
पाली : भाटी हिंदुस्तान पेट्रोलियम पर प्रति 5 लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण पाए जाने पर एक नोजल जब्त कर 10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रदेशभर में 62 निरीक्षण, 11 नोजल सीज, 85 हजार रूपये का जुर्माना
प्रदेशभर में की गई कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल-डीजल दिए जाने के मामलों में कुल 11 नोजल सीज किए गए तथा विभिन्न अनियमितताओं पर कुल 85,000 का जुर्माना लगाया गया।
मंत्री सुमित गोदारा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेट्रोल पंपों पर माप-वितरण उपकरणों का वैध सत्यापन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ की अपील
उपभोक्ता पेट्रोल-डीजल भरवाते समय मीटर की रीडिंग एवं शून्य (Zero) की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विभाग की हेल्पलाइन 14435 पर शिकायत दर्ज कराएं।






