








श्रीगंगानगर Abhayindia.com रावला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के पिता दलीप कुमार को अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े मामले में गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को रावला थाना प्रभारी बलवंत कुमार, बॉर्डर डीएसटी प्रभारी लालबहादुर और कांस्टेबल गोपीराम की टीम ने रावला मंडी के वार्ड नंबर 11 स्थित एक मकान में दबिश दी थी। तलाशी के दौरान विष्णु कुमार उर्फ निंजा, दिलप्रीत सिंह उर्फ डीके और सुधीर कुमार उर्फ धीरू के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और 43 कारतूस बरामद किए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने हथियार दलीप कुमार से लाना बताया। इसके बाद जांच में उसका नाम सामने आने पर उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया। प्रकरण की जांच रावला थाने के द्वितीय थाना प्रभारी गिरधारी सिंह कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव की ओर से गठित स्पेशल टीम हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के संपर्कों की पड़ताल कर रही है। मामले में गैंगस्टर आरजू बिश्नोई से जुड़े संपर्कों और रावला क्षेत्र के डीओएल निवासी कार्तिक जाखड़ की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस पंजाब से रावला तक हथियार पहुंचने के माध्यम और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस मामले में गैंगस्टर के पिता से लगातार पूछताछ की जा रही है। इससे पहले भी पुलिस ने आरजू बिश्नोई और कार्तिक जाखड़ के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस इन गिरफ्तारियों और हथियारों की बरामदगी को जोड़कर गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।






