








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान होने के साथ ही अब सभी की नजरें 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। जिला प्रमुख और प्रधान बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने सियासी समीकरण साधने तेज कर दिए हैं। इस बार कांग्रेस के लिए जहां जिला प्रमुख पद पर कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं भाजपा के लिए खाता खोलना आसान नहीं लग रहा। बहरहाल, चुनाव परिणामों से पहले दोनों ही पार्टियों के रणनीतिकारों ने बैठकों का दौर तेज कर दिया है।
कांग्रेस में जिला प्रमुख को लेकर निकिता डूडी (स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू) और सरिता मेघवाल (पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री) का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है। दोनों के नाम को लेकर अंदरखाने मंथन चल रहा है। वहीं, भाजपा में पूर्व उप जिला प्रमुख इंदू तरड़ का नाम उभर कर सामने आ रहा है। भाजपा इंदू तरड़ के नाम पर दांव खेल सकती है।
जानकारी के अनुसार, दोनों दलों ने अपने संभावित सदस्यों को रिसॉर्ट और अन्य सुरक्षित स्थानों पर ठहराना शुरू कर दिया है। वहां उन्हें मोबाइल फोन से दूर रखा जा रहा है और दूसरे दल के नेताओं से संपर्क न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाड़ेबंदी का यह दौर इस महीने के अंत तक रह सकता है।
पूरा चुनावी कैलेंडर
20 नवंबर : जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम
25 नवंबर : जिला प्रमुख का चुनाव
26 नवंबर : उप जिला प्रमुख का चुनाव
27 नवंबर : प्रधान का चुनाव
28 नवंबर : उपप्रधान का चुनाव
अब सबकी नजर 20 नवंबर पर है। मतगणना के बाद ही साफ होगा कि बीकानेर में जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस काबिज रहेगी या भाजपा इस बार बाजी पलट देगी।
प्रदेश स्तर पर भी तेज हुई सरगर्मी
पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश स्तर पर चल रही सरगर्मियों के बीच खबर है कि भाजपा ने जिन जिलों में प्रमुख और प्रधान पदों के लिए पार्टी को स्पष्ट बहुमत को लेकर चुनौती नजर आ रही है, वहां संगठन ने संभाग प्रभारियों के साथ अलग से पदाधिकारी व वरिष्ठ नेताओं की टीम को जिम्मेदारी दी है। पार्टी की रणनीति में निर्दलीय सदस्यों को साथ लाना भी अहम है।
भाजपा की ओर से 41 जिलों में 30-32 जिला प्रमुख बनाने का दावा किया जा रहा है। जिन जिलों में बहुमत का आंकड़ा करीबी है, वहां निर्दलीयों का समर्थन लेंगे। जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव तक संगठन की निगरानी और राजनीतिक जोड़-तोड़ की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।
कांग्रेस का 41 में बोर्ड बनाने का लक्ष्य
इधर, कांग्रेस ने सभी 41 जिला परिषदों में बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखकर किलेबंदी और मजबूत कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिला प्रभारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों को स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय बनाकर जिला प्रमुख और प्रधान के नामों पर सर्वसम्मति बनाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने 18 और 19 नवंबर को पर्यवेक्षकों को जिलों में भेजने का निर्णय किया है।






