बीकानेर Abhayindia.com शराब के लिए रुपए नहीं देने पर युवक पर चाकू और कांच की बोतलों से हमला करने का मामला सामने आया है। जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस ने 2 नामजद सहित एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वल्लभ गार्डन निवासी 18 वर्षीय राजवीर सिंह राजपूत पुत्र श्रवण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजवीर ने बताया कि आरोपी हिमांशु चौधरी, यश गोदारा व एक दर्जन से अधिक लोग एकराय होकर रास्ते में आ गए। सभी ने शराब के लिए रुपए मांगे। जब उसने रुपए देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने चाकू, डंडे और कांच की खाली बोतलों से लैस होकर उसे जान से मारने की नियत से रास्ता रोका। हिमांशु चौधरी ने चाकू से उसके मुंह पर वार किया। यश गोदारा ने डंडे से मारपीट की। पुलिस ने राजवीर की रिपोर्ट पर सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई मुकेश मीणा को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शराब और रुपए को लेकर होने वाली इस तरह की वारदातें शहर में बढ़ रही हैं। नशे के लिए रुपए मांगकर मारपीट करने वाले गिरोहों पर पुलिस की नजर है।













