बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर की बीछवाल थाना पुलिस ने एक कंपनी के साथ धोखाधड़ी कर 34 लाख रुपए की कीमत का तेल गबन करने के आरोप में 2 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अरिहंत सोलवेक्स प्रा. लि., बीछवाल इंडस्ट्रीयल एरिया के सौरभ बोथरा पुत्र सुंदरलाल बोथरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि पुष्करणा स्टेडियम के पीछे, बीकानेर निवासी लक्ष्मीचंद और महेशचंद ने उनकी कंपनी से लगभग 34 लाख रुपए की कीमत का तेल खरीदा था। आरोप है कि दोनों ने तेल ले तो लिया, लेकिन उसकी कीमत का भुगतान नहीं किया और तेल का गबन कर लिया। बार-बार मांग करने के बावजूद आरोपियों ने न तो पैसा दिया और न ही तेल लौटाया।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीछवाल थाना पुलिस ने लक्ष्मीचंद और महेशचंद के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से संपर्क कर लेन-देन के दस्तावेज, बिल और भुगतान के रिकॉर्ड खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।













