








बीकानेर Abhayindia.com महाराष्ट्र के नासिक में दो दिवसीय अखिल भारतीय संत समिति की राष्ट्रीय चिंतन बैठक आयोजन किया गया। अखिल भारतीय संत समिति के सहमंत्री सरजूदास महाराज ने इस राष्ट्रीय चिंतन बैठक में बीकानेर के गोचर व ओरण मुद्दे को साझा किया। गोचर व ओरण के संरक्षण के लिए उपस्थित सभी संत समाज ने गंभीरता दिखाई और आंदोलन में शामिल होने की सहमति प्रदान की।
महामंडलेश्वर सरजूदास महाराज ने बताया कि गोचर व ओरण मुद्दा केवल बीकानेरवासियों के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है, गौमाता के संरक्षण के लिए संत-समाज सदैव अग्रणी रहेगा। सरजूदास महाराज ने बताया कि अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत अविचंददास महाराज एवं राष्ट्रीय महामंत्री संत जितेन्द्र पुरी महाराज के सान्निध्य में राष्ट्रीय चिंतन बैठक में देशभर से आए संत-महात्माओं के सान्निध्य में धर्म, राष्ट्र, समाज एवं संस्कृति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-मंथन हुआ। 2027 में नासिक में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ मेले के लिए मेला प्रभारी गिरीश महाजन ने 50,000 वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।


