








जयपुर Abhayindia.com जैसलमेर बस हादसे के बाद सरकार एक्शन मोड पर आ गई है। सरकार ने परिवहन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर बस की जांच नियमावली के अनुसार की जाए और किसी भी कमी को तत्काल सुधारा जाए। इस बीच, मुख्यमंत्री के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ के डीटीओ सुरेंद्र सिंह गहलोत और बस निरीक्षण में लगे सहायक प्रशासनिक अधिकारी चुन्नीलाल को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, प्रदेश में बसों की जांच का अभियान शुरू कर दिया गया है। बस बॉडी बिल्डिंग कोड की पालना नहीं करने वाली 11 बसों को जब्त कर लिया गया है। 18 बसों का चालान किया गया है।
परिवहन विभाग के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश बुनकर ने बताया कि उक्त बस का पंजीयन जिला परिवहन अधिकारी चित्तौड़गढ़ के कार्यालय से एक अक्टूबर को ही किया गया था। प्राथमिक जांच में बस का पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट वैध था, लेकिन बस बॉडी मानक की पालना नहीं हुई थी। दोनों कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। घटना में शामिल बस की बॉडी जैमन कोच क्राफ्टर, जोधपुर ने बनाई थी। जोधपुर के प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने बस बॉडी निर्माता के परिसर की जांच शुरू कर दी है। जलने वाली बस के मालिक के पास दो अन्य बसें भी हैं और दोनों ही बस बॉडी नियमावली के उल्लंघन के कारण जब्त की गई हैं। आपको बता दें कि इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है।


