








जोधपुर Abhayindia.com नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने है। दोनों ओर से बयानों के बाण चलाए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से इसे लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए जाने के बाद शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पलटवार करते हुए कहा है कि पिछली सरकार के समय कई पेपर लीक हुए और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। भाजपा सरकार पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री दिलावर ने जोधपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस की तुलना “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली” वाली कहावत से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे और कई आरोपी जेल तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। नीट पेपर लीक भारत सरकार से जुड़ा मामला है, राज्य सरकार से नहीं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
दिलावर ने कहा कि कांग्रेस ने सारे पेपर बेच दिए थे। कांग्रेस नेता जेल में बैठे हैं। अभी और जेल जाएंगे। नीट पेपर लीक के आरोपी के साथ फोटो और कथित संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलावर ने कहा कि राजनीति में हजारों लोगों के साथ फोटो खिंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की असलियत हर समय पता होना संभव नहीं है। यदि कोई व्यक्ति बाद में गलत काम में शामिल पाया जाता है तो उससे फोटो होने भर से कोई नेता दोषी नहीं हो जाता।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलावर ने कहा कि आरोपियों के साथ उतने ही संबंध हैं जितने डोटासरा के साथ हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई आरोपी भाजपा का बैनर लगा ले तो वह भाजपा नेता नहीं बन जाता। राजनीतिक दलों के बैनर और झंडे आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। राजस्थानी भाषा को स्कूलों में पढ़ाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंत्री ने कहा कि सरकार आदेश का अध्ययन करेगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


