Friday, May 15, 2026
Hometrendingपीएम सूर्यघर योजना : महत्वपूर्ण पड़ाव हुआ पार, राजस्थान में 2 लाख...

पीएम सूर्यघर योजना : महत्वपूर्ण पड़ाव हुआ पार, राजस्थान में 2 लाख से अधिक इंस्टॉलेशन

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में राजस्थान ने गुरूवार को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया। करीब 26 माह पूर्व शुरू हुई इस योजना के अन्तर्गत राज्य में 2 लाख से अधिक रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र इंस्टॉल किए जा चुके हैं।

जयपुर की इमली वाला फाटक नटराज नगर निवासी तारा शर्मा प्रदेश की ऐसी विद्युत उपभोक्ता बन गई हैं जिन्होंने इस योजना में 2 लाख की संख्या वाला रूफ टॉप संयंत्र लगाया। इसके लिए जयपुर डिस्कॉम की अधीक्षण अभियंता (पीएम सूर्यघर) महिमा साराभाई तथा जयपुर शहर सर्किल (दक्षिण) के अधीक्षण अभियंता अनिल टोडवाल ने उनके घर पर जाकर उन्हें बधाई दी और योजनान्तर्गत सोलर कुक टॉप भी भेंट किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह महत्वपूर्ण पहल देशवासियों को न केवल प्रदूषणरहित सौर ऊर्जा से जोड़ रही है बल्कि उन्हें ऊर्जा सुरक्षा भी प्रदान कर रही है। भारत सरकार द्वारा दी जा रही 78 हजार रूपए की सब्सिडी तथा 150 यूनिट निशुल्क बिजली योजना में राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना में रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं को दी जा रही 17 हजार रूपए की अतिरिक्त सब्सिडी से प्रदेश में रूफ टॉप ऊर्जा संयंत्रों के लगने की रफ्तार बीते समय में तेजी से बढ़ी है।

अब तक इस योजना में प्रदेश में 771 मेगावाट क्षमता के संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं और स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की संख्या गुरूवार को 2 लाख 416 के स्तर पर पहुंच गई। रूफ टॉप लगाने पर भारत सरकार से उपभोक्ताओं को सब्सिडी के रूप में 1354 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

हाल ही अप्रेल माह में प्रदेश में 22822 रूफ टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हुए हैं जो इस योजना में प्रदेशवासियों की तेजी से बढ़ रही भागीदारी को दर्शाता है। यह प्रदेश में अब तक किसी भी माह में लगे सर्वाधिक सौर ऊर्जा संयंत्र हैं। इस योजना में प्रदेश में जयपुर जिले में सर्वाधिक 41296, श्री गंगानगर में 19135, सीकर में 12104, हनुमानगढ़ में 11530 तथा झुंझुनूं में 10,185 रूफ टॉप सोलर इंस्टॉल किए जा चुके हैं। इस योजना में गुजरात (6.61 लाख), महाराष्ट्र (5.69 लाख), उत्तर प्रदेश (5.25 लाख) और केरल (2.39) के बाद राजस्थान 200419 इंस्टॉलेशन के साथ देश में 5वें स्थान पर है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!