Hometrendingपूर्व नेता प्रतिपक्ष डूडी के निधन पर शोक की लहर, राज्‍यपाल सहित...

पूर्व नेता प्रतिपक्ष डूडी के निधन पर शोक की लहर, राज्‍यपाल सहित प्रमुख नेताओं ने जताई शोक संवेदना

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निधन पर शोक की लहर छा गई है। राज्‍यपाल हरिभाऊ बागडे ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रामेश्वर डूडी के निधन पर गहरा शोक जताया है। वे अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए बीकानेर आएंगे। उन्‍होंने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं बीकानेर से सांसद रहे रामेश्वर डूडी का निधन बेहद दुखद है। करीब 2 साल तक बीमार रहने के बाद इतनी अल्पायु में उनका जाना हमेशा खलता रहेगा, यह मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर एक आघात है। रामेश्वर डूडी ने अपनी हर भूमिका का निर्वहन अच्छे से किया, वो मेरे साथ सांसद, विधायक और हमारे नेता प्रतिपक्ष रहे, किसान वर्ग के लिए वो हमेशा काम करते रहे। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निधन पर गहरा शोक जताया है। गोदारा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों मे स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की हिम्मत प्रदान करने की प्रार्थना की है।

भाजपा के पूर्व जिलाध्‍यक्ष एवं वरिष्‍ठ नेता गोपाल गहलोत ने कहा कि रामेश्वर डूडी किसानों के सच्चे हिमायती थे। अल्‍प आयु में ही उन्होंने पंचायत से संसद तक राजनीति का सफर करते हुए नए आयाम स्थापित किए। उनका निधन केवल बीकानेर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस नेता मकसूद अहमद ने कहा कि रामेश्‍वर डूडी ने हमेशा किसानों व मजदूर वर्ग के लिए काम किया। उन्‍होंने बीकानेर की आवाज को मजबूती प्रदान की। भाजपा नेता राजकुमार किराडू ने कहा कि उन्‍होंने आमजन के दिलों में राज किया और बीकानेर की आवाज को जयपुर से दिल्‍ली तक बुलंद किया।
AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular