Saturday, May 2, 2026
Hometrendingसेंट्रलाइज सिस्टम से मेरिट के आधार पर होंगे वेटरनरी कॉलेजों में प्रवेश,...

सेंट्रलाइज सिस्टम से मेरिट के आधार पर होंगे वेटरनरी कॉलेजों में प्रवेश, 25 को आएगा रिजल्‍ट

AdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान के समस्त वेटरनरी कॉलेजों में इस बार सेंट्रलाइज काउंसलिंग के जरिए ही प्रवेश लिए जाएंगे। इस संबंध में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित बैठक में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।

मंत्री कुमावत ने बताया कि वेटरनरी कॉलेजों में प्रवेश को लेकर किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत न आए इसके लिए नई एसओपी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि वेटरनरी कॉलेजों में सत्र-2025-26 के लिए बी.वी. एससी एंड ए.एच., एम.वी. एससी तथा पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए इस बार नई एसओपी के अनुसार प्रवेश सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके तहत नीट अथवा आरपीवीटी क्वालिफाइड छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा। निश्चित कट ऑफ के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

एसओपी की पालना के लिए बीकानेर और जोबनेर पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और अन्य अधिकारियों की एक सात सदस्यीय सेंट्रल एडमिशन काउंसलिंग कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट वेटरीनरी कॉलेजों में उक्त पाठयक्रमों में पारदर्शी तरीके से प्रवेश की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी। यह कमेटी प्रदेश में नए सत्र के लिए करीब 1200 सीटों के लिए काउंसलिंग करवाएगी।

कुमावत ने बताया कि इस बार काउंसलिंग के सभी चरण ऑनलाइन होंगे। इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो मॉप अप राउंड के जरिए प्रवेश लिए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि हर बार काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों की विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी।

कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार वेटरनरी कॉलेजों में जीरो टॉलरेंस फॅार करप्शन की नीति अपनाते हुए प्रवेश सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वेटरनरी साइंस में गुणवतापूर्ण शिक्षा के लिए अति आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गलत तरीके से प्रवेश देने वाली किसी भी संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन की प्रवेश प्रक्रिया के लिए जारी एसओपी का विमोचन भी किया गया।

आरपीवीटी का रिजल्ट 25 अगस्त को

बी.वी. एससी एंड ए.एच. डिग्री कोर्स के लिए आरपीवीटी की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम 25 अगस्त को जारी किया जाएगा। इसके बाद सितंबर माह में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस बार 3 अगस्त को आयोजित प्रवेश परीक्षा में 1200 सीटों के लिए 9670 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से आरपीवीटी के जरिए करीब 800 व नीट परीक्षा से 400 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।

चार नए वेटरीनरी कॉलेज 
खोलने को लेकर हुई चर्चा

बैठक में बजट घोषणा के तहत भरतपुर, सिरोही, कोटा में प्रस्तावित वेटरनरी कॉलेज को लेकर मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। साथ ही जोधपुर में नवनिर्मित वेटरीनरी कॉलेज में इसी सत्र से प्रवेश की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

मंत्री कुमावत ने कहा कि चूंकि जोधपुर के नए वेटरनरी कॉलेज में इसी सत्र में प्रवेश दिया जाना है अतः जोधपुर कॉलेज से जिस भी फैकल्टी का तबादला हुआ है उनका तबादला अविलंब निरस्त किया जाकर उन्हें वापस जोधपुर भेजा जाए। उन्होंने राजूवास व जोबनेर के विश्वविद्यालयों के साथ-साथ श्रीगंगानगर की टांटिया यूनिवर्सिटी में प्रवेश को लेकर पूरी पारदर्शिता बरतने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में शासन सचिव पशुपालन, मत्स्य एवं गोपालन डॉ. समित शर्मा ने कहा कि संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पारदर्शी होगी एवं किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पशु चिकित्सा महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पात्र योग्य छात्रों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाना आवश्यक है। यदि किसी वेटरनरी कॉलेज द्वारा राज्य सरकार एवं वेटरिनरी काउंसिल आफ इंडिया के निर्देशों की पालना नहीं की जाएगी तो उनकी संबद्धता समाप्त कर दी जाएगी।

बैठक में उपसचिव श्री विजय गोधवानी, उप सचिव डॉ. संतोष करोल, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलगुरू डॉ. त्रिभुवन शर्मा, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, राजूवास के कुलगुरू प्रो. मनोज दीक्षित सहित विश्वविद्यालयों के डीन, निदेशक तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!