बीकानेर Abhayindia.com शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान, बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य के नेतृत्व में बीकानेर संभाग के कार्मिकों का प्रतिनिधिमंडल आज शिक्षा निदेशालय पहुंचा। संघ ने अशोक शर्मा, स्टाफ ऑफिसर एवं जयदीप, संयुक्त निदेशक को शिक्षा निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर जयपुर व बीकानेर संभाग में कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक की डीपीसी तुरंत करने की मांग की। प्रदेशाध्यक्ष कमलनारायण आचार्य ने बताया कि पूर्व निदेशक द्वारा इस प्रकरण के निस्तारण के लिए एक कमेटी गठित की गई थी, जिसकी रिपोर्ट अभी तक लंबित है। इसी वजह से दो संभागों की पदोन्नति अटकी हुई है।
संघ पदाधिकारी नवरतन जोशी ने कहा कि डीपीसी नहीं होने से कार्मिकों को दोहरा नुकसान हो रहा है। योग्य कार्मिक समय पर पदोन्नति से वंचित हैं। वहीं, पदोन्नति नहीं मिलने से लगभग 2500 कार्मिकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इसी वजह से बीकानेर व जयपुर संभाग के 21-22 कार्मिकों ने कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है। ज्ञापन लेने के बाद अशोक शर्मा और जयदीप ने संघ को सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले पर तुरंत कार्यवाही कर प्रकरण को निस्तारित करवाया जाएगा। संघ ने मांग की कि कोर्ट केस वाले 21-22 कार्मिकों के पद आरक्षित कर शेष कार्मिकों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए, ताकि अन्य कार्मिकों का अहित न हो। ज्ञापन देने वालों में बीकानेर से*कन्हैया लाल, शंकर पुरोहित, निकिता, अर्चना, तुलसी, निशा, शिवानी, पूजा, चित्रलेखा और श्रीगंगानगर से संदीप, कपिल, नवीन, रामचंद्र, किरण, अजयवीर सिंह, अभिषेक, विकास, सुमित, श्यामसुंदर, रोहन, मोनिका आदि मौजूद रहे।













