जयपुर Abhayindia.com प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के 7,903 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति एवं पदस्थापन कर दिया गया है। पदस्थापन आदेश राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जारी किए गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर एवं प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में विभाग ने पदस्थापन प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ कर्मचारी हित और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी है।
विभाग द्वारा अपनाई गई कर्मचारी हितैषी नीति का लाभ बड़ी संख्या में नव-नियुक्त कर्मचारियों को मिला है। लगभग 5,000 अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में जबकि 1,630 अभ्यर्थियों को नजदीकी जिले में तथा शेष को समीप के संभाग में पदस्थापन दिया गया है। इस निर्णय से नव-नियुक्त कर्मचारियों को अपने परिवार से दूर जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी और वे बेहतर मनोबल के साथ स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। पदस्थापन की पूरी प्रक्रिया राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है।
निदेशक (अराजपत्रित) राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रमुख शासन सचिव की मंशा के अनुरूप विभाग का प्रयास रहा कि नव-नियुक्त कर्मचारियों को पारदर्शी, त्वरित और कर्मचारी हितैषी व्यवस्था के माध्यम से पदस्थापन दिया जाए। उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति से प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक मानव संसाधन को मजबूती मिलेगी। नव-नियुक्त कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक बेहतर तरीके से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।













