जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जयपुर डिस्कॉम ने प्रदेश की राजधानी जयपुर के वीआईपी क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाकर यह संदेश दे दिया है कि यह काम अब आगे और तेजी से होगा। प्रदेश में अब तक 3.26 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी क्रम में जयपुर के वीआईपी क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।
आपको बता दें कि सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर 180 किलोवाट व 40 किलोवाट के दो बिजली कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए। गुरुवार को उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा के सरकारी आवासों के साथ-साथ ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर के हॉस्पिटल रोड स्थित राजकीय आवास पर भी स्मार्ट मीटर लगाए गए। वहीं, शुक्रवार को ऊर्जा विभाग के प्रमुख शासन सचिव अजिताभ शर्मा, डिस्कॉम्स की चेयरमैन आरती डोगरा और राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ सिहाग के गांधीनगर स्थित राजकीय आवासों पर भी स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए गए।













